ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से लोहे के सरियों के नीचे दबा मजदूर: बैतूल में दर्दनाक मौत; 3 छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया – Betul News

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से लोहे के सरियों के नीचे दबा मजदूर:  बैतूल में दर्दनाक मौत; 3 छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया – Betul News




बैतूल में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। काम खत्म होने के बाद वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखे लोहे के सरियों पर बैठकर लौट रहा था, तभी चिखलार के पास ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। सरियों के नीचे दबने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया और जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बबलू (30) पिता मोती के रूप में हुई है। वह घोड़ाडोंगरी निवासी ठेकेदार अग्रवाल के लिए परशुराम चौक पर चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। बीती रात काम खत्म होने के बाद निर्माण स्थल से बचा हुआ लोहा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ठेकेदार के घर भेजा जा रहा था। बबलू उसी ट्रॉली में रखे लोहे के भारी सरियों के ऊपर बैठा हुआ था। चिखलार के पास पलटी ट्रॉली, सरियों के नीचे दबा रास्ते में चिखलार के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और पलट गई। इस अचानक हुए हादसे में बबलू सीधे लोहे के सरियों के नीचे दब गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और ठेकेदार ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सरियों के बीच से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तत्काल बैतूल के जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। 3 बच्चों के सिर से उठा साया, पोस्टमार्टम जारी बबलू अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी दर्दनाक मौत की खबर जैसे ही परिवार को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक शादीशुदा था और उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से अब हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया है। फिलहाल, पुलिस की निगरानी में जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और हादसे की बारीकी से जांच की जा रही है।



Source link