पन्ना जिले में होली के पावन पर्व पर मंडला थाना पुलिस ने यातायात जागरूकता का एक अनूठा अभियान चलाया। 3 मार्च मंगलवार को थाना स्टाफ ने वाहन चेकिंग के दौरान राहगीरों को न केवल यातायात नियमों की जानकारी दी, बल्कि उन्हें मिठाई खिलाकर और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ भी दीं। सामान्यतः पुलिस चेकिंग से वाहन चालकों में डर का माहौल रहता है, लेकिन मंडला थाना क्षेत्र में स्थिति भिन्न थी। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रचना पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को रोका। पुलिसकर्मियों ने उन्हें तिलक लगाया, मिठाई खिलाई और प्रेमपूर्वक समझाया कि त्योहार की खुशी तभी पूरी है जब वे सुरक्षित घर पहुँचें। इस दौरान पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। विशेष रूप से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने की अपील की गई। इस मानवीय पहल में थाना प्रभारी रचना पटेल के साथ सहायक उपनिरीक्षक बिन्द्रावन प्रजापति, प्रधान आरक्षक रज्जाक खान, रामशरण, राजा बाबू, मिलन, आरक्षक बाबू साहू, निरंजन त्रिफला, ऋषि चतुर्वेदी, राहुल अहिरवार, राजपाल यादव और महिला आरक्षक अंजना व रश्मि पटेल शामिल थीं। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कदमों से पुलिस और जनता के बीच संबंध मजबूत होते हैं।
Source link