बालाघाट में 15 हजार बालिकाओं को लगेंगे सर्वाइकल कैंसर टीके: कलेक्टर ने 20 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने के दिए निर्देश – Balaghat (Madhya Pradesh) News

बालाघाट में 15 हजार बालिकाओं को लगेंगे सर्वाइकल कैंसर टीके:  कलेक्टर ने 20 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने के दिए निर्देश – Balaghat (Madhya Pradesh) News




बालाघाट कलेक्टर मृणाल मीना ने जिले की 14 वर्ष की 15 हजार बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के टीके लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को 30 मार्च तक दिए गए लक्ष्य को 20 मार्च तक पूरा करने का प्रयास करने को कहा है। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को जिला शिक्षा अधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान, जनजातीय कार्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ ने बताया कि जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल (वारासिवनी, बैहर, लांजी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (कटंगी, खैरलांजी, लालबर्रा, किरनापुर, बिरसा, परसवाड़ा) में 28 फरवरी से टीकाकरण शुरू हो गया है। बालाघाट जिला इस मामले में प्रदेश में पहले स्थान पर है। बैठक में कलेक्टर मीना ने पुलिस, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग को सड़क दुर्घटनाओं के सत्यापन के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना होने पर पुलिस को 24 घंटे के भीतर घटना का सत्यापन करना होगा। इस त्वरित सत्यापन का उद्देश्य दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 1.50 लाख रुपए तक का इलाज उपलब्ध कराना है। 100 से लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान दें कलेक्टर ने 100 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने और उनका शीघ्रता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने को कहा। चेतावनी दी गई कि ऐसा न होने पर जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी और सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता सर्वेक्षण प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए, ताकि जिले के निकायों की रैंकिंग में सुधार हो सके।



Source link