Last Updated:
Ground Report: जिला अस्पताल का यह हाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है और ICU में भर्ती मरीजों को राहत मिलती है या नहीं…
Ground Report: खंडवा जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत चौंकाने वाली है. जहां गंभीर मरीजों को नियंत्रित तापमान और बेहतर सुविधाओं की जरूरत होती है, वहीं ICU में पिछले कई दिनों से AC बंद पड़े हैं. हालत यह है कि ICU में भर्ती मरीजों को ठंडी हवा की जगह पंखों और हाथ से हवा देकर राहत देने की कोशिश की जा रही है. गर्मी की शुरुआत में ही ICU का यह हाल मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है.
ICU में घुटन भरा माहौल, मरीजों की हालत बिगड़ने का खतरा
जिला अस्पताल का 10 बेड वाला ICU वार्ड लाखों रुपये की लागत से बनाया गया था, ताकि गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके. लेकिन वर्तमान स्थिति में ICU के सभी AC बंद पड़े हैं, जिससे वार्ड के अंदर उमस और गर्मी बढ़ गई है. ICU में पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था भी नहीं है, जिसके कारण कई मरीज पसीने से तर-बतर नजर आए. गंभीर हालत में भर्ती मरीजों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक मानी जा रही है.
परिजन खुद मरीज को हवा दे रहे
ग्राउंड पर Local 18 की टीम ने जब ICU का जायजा लिया तो वहां सभी AC बंद मिले. मरीजों के परिजन अपने घरों से टेबल फैन और स्टैंड फैन लाकर अपने मरीजों को हवा करते नजर आए. कुछ परिजन मजबूरी में हाथ से रुमाल और कागज से हवा करते दिखाई दिए. परिजनों का कहना है कि ICU में ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई.
26 दिसंबर से बंद हैं AC
अस्पताल आए सुनील जैन ने Local 18 से बातचीत में बताया कि ICU के AC 26 दिसंबर से ही बंद पड़े हैं. इस संबंध में ICU स्टाफ ने भी लिखित में सूचना दी है, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर मरीजों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं.
नया ICU बनने की बात, लेकिन पुराने की मरम्मत नहीं
अस्पताल प्रबंधन की ओर से कहा जा रहा है कि नया ICU तैयार हो गया है और मरीजों को वहां शिफ्ट किया जाएगा. लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि जब लाखों रुपये खर्च कर ICU बनाया गया है, तो उसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई जा रही. मरीजों के परिजनों का कहना है कि ICU जैसी संवेदनशील जगह पर AC का बंद रहना बड़ी लापरवाही है.
जिम्मेदारों की अनदेखी से बढ़ रहा आक्रोश
इस पूरे मामले को लेकर मरीजों के परिजनों में भारी नाराजगी है. उनका कहना है कि ICU में भर्ती मरीजों की स्थिति पहले से ही गंभीर होती है, ऐसे में AC बंद होने से उनकी हालत और बिगड़ सकती है. परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द AC ठीक कराने और ICU में आवश्यक सुविधाएं बहाल करने की मांग की है.
जिला अस्पताल का यह हाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है और ICU में भर्ती मरीजों को राहत मिलती है या नहीं.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें