अफरीदी की कप्तानी में पाकिस्तान का ‘मिशन 2027…’ बाबर-सैम वनडे टीम से बाहर

अफरीदी की कप्तानी में पाकिस्तान का ‘मिशन 2027…’ बाबर-सैम वनडे टीम से बाहर


नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बांग्लादेश के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए 15-सदस्यीय टीम का ऐलान कर एक नए युग की आहट दे दी है. इस चयन में सबसे बड़ा धमाका स्टार बल्लेबाज बाबर आजम और ऑलराउंडर सैम अयूब की छुट्टी के रूप में हुआ है, जिससे चयनकर्ताओं ने कड़ा संदेश दिया है. वहीं, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने बल्ले से आग उगलने वाले साहिबजादा फरहान को उनके शानदार फॉर्म का इनाम देते हुए वनडे टीम में शामिल किया गया है. शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी वाली इस नई-नवेली टीम में 6 अनकैप्ड खिलाड़ियों को मौका मिला है, जो 11 मार्च से ढाका के मैदान पर पाकिस्तान के भविष्य की इबारत लिखने उतरेंगे.

इस चयन की सबसे बड़ी खबर स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) का बाहर होना है. पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म और टीम के असंतुलित प्रदर्शन के चलते चयनकर्ताओं ने उन्हें आराम देने या टीम से बाहर रखने का कड़ा फैसला लिया है. उनके साथ ही युवा ऑलराउंडर सैम अयूब को भी टीम में जगह नहीं मिली है. इन दोनों बड़े नामों का बाहर होना यह संकेत देता है कि टीम मैनेजमेंट अब बल्लेबाजी क्रम में नए विकल्पों को आजमाना चाहता है.

बाबर आजम और सैम अयूब को वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है.

6 अनकैप्ड खिलाड़ियों की एंट्री
शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी वाली इस टीम में छह नए (अनकैप्ड) खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. ये खिलाड़ी हैं- अब्दुल समद, माज सदाकत, मुहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), साद मसूद, साहिबजादा फरहान, शामिल हुसैन. इनमें से अब्दुल समद, माज सदाकत, साद मसूद और शामिल हुसैन हाल ही में अबू धाबी में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पाकिस्तान शाहीन की ओर से खेल चुके हैं. वहीं, साहिबजादा फरहान के लिए यह चयन काफी खास है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें वनडे टीम में शामिल करके दिया गया है. फरहान से उम्मीद है कि वे शीर्ष क्रम में पाकिस्तान को वह आक्रामकता देंगे जिसकी टीम को लंबे समय से तलाश थी.

पाकिस्तान-बांग्लादेश वनडे सीरीज का शेड्यूल
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी वनडे टीम का नेतृत्व करना जारी रखेंगे. कप्तान के रूप में यह उनकी तीसरी बड़ी सीरीज होगी. इससे पहले उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से और श्रीलंका को 3-0 से करारी शिकस्त दी थी. सीरीज के सभी मैच ढाका के ऐतिहासिक शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे.

11 मार्च: पहला वनडे

13 मार्च: दूसरा वनडे

15 मार्च: तीसरा वनडे

पाकिस्तान की 15-सदस्यीय टीम
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फैसल अकरम, हारिस रऊफ, हुसैन तलत, माज सदाकत, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम जूनियर, मोहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), साद मसूद, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा और शामिल हुसैन.



Source link