Last Updated:
Finn Allen played 4 dot balls in his inning: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में क्रिकेट जगत ने एक ऐसा तूफान देखा, जिसने इतिहास के पन्नों को पलट कर रख दिया.न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलेन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वह कारनामा कर दिखाया है, जो टी20 क्रिकेट के महानतम खिलाड़ी भी नहीं कर सके थे. एलेन ने महज 33 गेंदों में शतक ठोककर न केवल अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया, बल्कि ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल का सालों पुराना रिकॉर्ड भी चकनाचूर कर दिया. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 4 गेंदें डॉट खेली.
फिन एलेन ने 33 में से सिर्फ 4 गेंदें डॉट खेली.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के फिन एलेन ने बल्लेबाजी की सारी परिभाषा बदल दी हैं. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महज 33 गेंदों में शतक जड़कर एलेन ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक अपने नाम कर लिया है. उन्होंने क्रिस गेल (47 गेंद, 2016) के 10 साल पुराने रिकॉर्ड को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. यह न केवल वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक है, बल्कि किसी पूर्ण सदस्य (Full-Member) टीम के खिलाफ भी टी20 इंटरनेशनल इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी है. एलेन ने सिर्फ 4 गेंदें डॉट खेली.
फिन एलेन (Finn Allen) अब अंतरराष्ट्रीय टी20 में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज शतकवीर बन गए हैं, जहां उन्होंने जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के रिकॉर्ड की बराबरी की.कीवी टीम के लिए भी उन्होंने ग्लेन फिलिप्स (46 गेंद) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रचा है. वर्ल्ड कप नॉकआउट के दबाव में ऐसी विस्फोटक पारी खेलकर एलेन ने साबित कर दिया है कि वे आधुनिक क्रिकेट के नए ‘यूनिवर्स बॉस’ हैं.
फिन एलेन ने 33 में से सिर्फ 4 गेंदें डॉट खेली.
क्रिस गेल का रिकॉर्ड हुआ अतीत
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अब तक वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के नाम था. गेल ने साल 2016 के वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों पर शतक जड़ा था. पिछले 10 सालों से इस रिकॉर्ड को तोड़ना नामुमकिन माना जा रहा था, लेकिन फिन एलेन ने इसे 14 गेंद पहले ही पार कर लिया. उनकी इस पारी ने साबित कर दिया कि आधुनिक क्रिकेट में अब कोई भी लक्ष्य या रिकॉर्ड सुरक्षित नहीं है.
यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने
फिन एलेन की यह पारी इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने यह कारनामा सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर किया। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में आज तक कोई भी बल्लेबाज नॉकआउट (सेमीफाइनल या फाइनल) मुकाबले में शतक नहीं लगा पाया था. एलेन नॉकआउट में सेंचुरी जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. दबाव के समय ऐसी आक्रामक पारी खेलना उनकी मानसिक मजबूती को दर्शाता है.
फिन एलन ने जड़ा टी20 विश्व कप का सबसे तेज शतक
कौन हैं फिन एलेन?
22 अप्रैल 1999 को ऑकलैंड में जन्मे फिन एलेन को न्यूजीलैंड क्रिकेट का ‘अगला सुपर-स्टार’ माना जाता है. एलेन पहली बार चर्चा में तब आए जब उन्होंने 2018 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया. वह अपनी निडर बल्लेबाजी और पहली गेंद से ही प्रहार करने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने कीवी टीम में दिग्गज मार्टिन गप्टिल की जगह ली और बहुत कम समय में खुद को साबित कर दिया. फिन एलेन आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा रह चुके हैं, जहां उन्होंने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ अपनी तकनीक को निखारा.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ‘कत्लेआम’
सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था, लेकिन एलेन के इरादे कुछ और ही थे. उन्होंने मैदान के हर कोने में चौके-छक्कों की बारिश की. उनकी 33 गेंदों की पारी में रिकॉर्ड तोड़ छक्के शामिल थे. दूसरे छोर पर खड़े टिम साइफर्ट सिर्फ इस तबाही के गवाह बने रहे. एलेन की इस पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से जीत दर्ज की और दक्षिण अफ्रीका को एक बार फिर ‘चोकर्स’ के दर्द के साथ टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा.
फिन एलन ने आतिशी पारी से रचा इतिहास.
अब फाइनल की बारी
इस ऐतिहासिक पारी के बाद अब न्यूजीलैंड की नजरें रविवार को होने वाले फाइनल पर हैं. न्यूजीलैंड का सामना भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा.अगर एलेन का बल्ला फाइनल में भी इसी तरह गरजा, तो न्यूजीलैंड को अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने से कोई नहीं रोक पाएगा.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें