फिर हरे पेड़ों की बलि…: बिना अनुमति टंकी निर्माण के लिए इमली के 3 पेड़ काटे, निगम ने लगाया जुर्माना – Indore News

फिर हरे पेड़ों की बलि…:  बिना अनुमति टंकी निर्माण के लिए इमली के 3 पेड़ काटे, निगम ने लगाया जुर्माना – Indore News




बिना अनुमति जेल रोड स्थित सेंट्रल जेल परिसर में 1.75 व 1.50 मीटर मोटाई के तीन इमली के पेड़ काट दिए गए। सूचना मिलने पर निगम के उद्यान विभाग ने मौके पर पहुंचकर चालानी कार्रवाई की। ये पेड़ पानी की टंकी निर्माण के लिए काटे गए थे। बताया जा रहा है परिसर में मौजूद वर्षों पुराने छायादार पेड़ हटाया जाना प्रस्तावित था। चूंकि निगम अपने ही प्रोजेक्ट के लिए सीधे पेड़ काटने या शिफ्ट करने की अनुमति नहीं दे सकता, इसलिए शासन द्वारा मनोनीत अधिकारी से यह अनुमति ली जाना थी। अनुमति प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण काम लंबे समय से अटका हुआ था। मंगलवार को मिली सूचना के अनुसार परिसर में दो इमली के पेड़ पूरी तरह काट दिए गए, जबकि एक पेड़ की छंटाई की गई। इसके लिए अनुमति नहीं ली थी। कार्रवाई करेंगे इधर, एमआईसी सदस्य (उद्यान) राजेंद्र राठौर ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही उद्यान विभाग की टीम को मौके पर भेजकर चालानी कार्रवाई की गई है। आगे की जांच के बाद जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पहले भी कट चुके उल्लेखनीय है कि हाल ही में शहर में बिना अनुमति पेड़ों की कटाई के कई मामले सामने आ चुके हैं। नियमों की अनदेखी कर हरियाली पर आरी चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे पर्यावरण प्रेमियों में नाराजगी है। ठेकेदार ने पल्ला झाड़ा, एक-दूसरे की गलती बताते रहे जब इस संबंध में ठेकेदार से पूछताछ की गई तो उन्होंने पेड़ काटने से इनकार कर दिया। वहीं मौके पर मौजूद एक कर्मचारी ने बताया कि क्षेत्रीय पार्षद से चर्चा के बाद पेड़ काटे गए। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। दरअसल, हाईकोर्ट के आदेश के बाद शासन ने पेड़ों की कटाई संबंधी अनुमति के लिए वन विभाग के अधिकारी को वृक्ष अधिकारी नियुक्त किया है। सेंट्रल जेल परिसर का मौका-मुआयना भी किया गया था, लेकिन रिपोर्ट प्रस्तुत होने से पहले ही संबंधित अधिकारी का तबादला हो गया। इससे अनुमति प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।



Source link