Last Updated:
Aiden Markram statement after losing to New Zealand: सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार के बाद साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम काफी निराश नजर आए. मार्करम ने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम ने मैच में जबरदस्त गेंदबाजी की. मार्करम का मानना था कि उनकी टीम को कम से कम 190 रन बनाने चाहिए थे, जिससे वह मैच में बने रह सकते थे.
साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 की पहली फाइनलिस्ट टीम तय हो गई है. न्यूजीलैंड की टीम ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया. ऐसे में अब 8 मार्च को न्यूजीलैंड की टीम भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से टकराएगी. आईसीसी इवेंट के नॉकआउट में ये चौथी बार है जब साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड ने हराया है.
इस हार के साथ ही साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम काफी हताश नजर आए. साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल से पहले एक भी मैच में नहीं हारी थी. न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हार के बाद मार्करम ने कहा, “मुझे लगता है कि अगर आप परिस्थितियों को देखें तो उन्होंने शुरुआत में बहुत अच्छी गेंदबाजी की. उनकी गेंदबाजी यूनिट को पूरा श्रेय जाता है. और जब कोई बल्लेबाज उस तरह की पारी खेल देता है तो अक्सर मैच आपके पक्ष में नहीं जाता. ऐसे में 170 तक पहुंचना भी ईमानदारी से कहूं तो अच्छी कोशिश थी.”
पावर प्ले में न्यूजीलैंड की थी धुआंधार बैटिंग
एडेन मार्करम ने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को लेकर कहा, “टी20 क्रिकेट में अक्सर ऐसा होता है कि अगर पावरप्ले में टीम तेज शुरुआत कर ले तो मैच का रुख वहीं तय हो जाता है. फिन एलन की पारी को और टिम साइफर्ट की पारी को बहुत बड़ा श्रेय जाता है. उन्होंने बहुत जल्दी मैच को हमारे हाथ से निकाल दिया. मुझे लगा था कि यह विकेट बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छा रहेगा. देखने में भी यह काफी अच्छा लग रहा था.”
उन्होंने कहा, “शायद हमें किसी तरह 190 तक पहुंचने की कोशिश करनी चाहिए थी. तब हम मैच में बने रह सकते थे. नतीजे से जाहिर है कि हम निराश हैं, लेकिन इन खिलाड़ियों पर मुझे बहुत गर्व है. पूरे टूर्नामेंट में इन्होंने शानदार क्रिकेट खेली है. अभी सबसे पहले हमें अपनी भावनाओं को थोड़ा शांत होने देना होगा. उसके बाद टीम के तौर पर बैठकर बात करेंगे. क्रिकेट में गिरने के बाद फिर खड़ा होना पड़ता है और वापसी करनी पड़ती है.हम बेहद निराश हैं. अब हमें और मजबूती के साथ लौटना होगा और एक टीम के रूप में पहले से बेहतर बनना होगा.”
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें