होली-रमजान सुरक्षा को लेकर SP सड़क पर उतरे: संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण, जबरन रंग लगाया तो होगी सख्त कार्रवाई – Jabalpur News

होली-रमजान सुरक्षा को लेकर SP सड़क पर उतरे:  संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण, जबरन रंग लगाया तो होगी सख्त कार्रवाई – Jabalpur News




होली और रमजान पर्व को देखते हुए शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जबलपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय खुद सड़क पर उतरे और शहर के संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बुधवार को एसपी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी की मौजूदगी में प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होली के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, विवाद पैदा करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही सक्रिय और आदतन अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस सख्त नजर आई। प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग, नशे में वाहन चलाने, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए ताकि त्योहार के दौरान दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्त, डायल-112 एवं क्विक रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट रखने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने कहा- शांति से मनाएं होली का पर्व एसपी सम्पत उपाध्याय ने शहरवासियों से अपील की है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द और मर्यादा के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।



Source link