78% जीत दिलाने वाला कप्तान अब बनेगा पाकिस्तान का नया ‘मास्टर’

78% जीत दिलाने वाला कप्तान अब बनेगा पाकिस्तान का नया ‘मास्टर’


नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट में एक बड़े रणनीतिक बदलाव के तहत पूर्व चैंपियंस ट्रॉफी विजेता कप्तान सरफराज अहमद अब ‘हेड कोच’ की नई भूमिका में नजर आ सकते है . सूत्रों के मुताबिक, पीसीबी उन्हें टेस्ट टीम की कमान सौंपने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द ही होने वाली है. हाल में अंडर-19 टीम को मेंटर के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले सरफराज, मई में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से अपना कार्यभार संभाल सकते हैं. मैदान पर अपनी आक्रामकता और सूझबूझ के लिए मशहूर सरफराज से उम्मीद है कि वे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2027 के महत्वपूर्ण चक्र में पाकिस्तानी टीम के प्रदर्शन और अनुशासन में नई जान फूंकेंगे.

38 वर्षीय सरफराज अहमद (Sarfaraz Ahmed)  मेंटरशिप में पाकिस्तान ने हाल ही में अंडर-19 एशिया कप जीता था. सरफराज अब अपनी रणनीतिक सूझबूझ का इस्तेमाल सीनियर टेस्ट टीम के लिए करेंगे. अक्टूबर 2025 से यह पद खाली पड़ा था और अजहर महमूद अंतरिम कोच के रूप में काम देख रहे थे. सरफराज की पहली बड़ी परीक्षा मई में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगी, जो ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 चक्र का अहम हिस्सा है.

सरफराज अहमद को टेस्ट टीम का हेड कोच बनाया जा सकता है.

कप्तानी के ‘सुल्तान’ अब मास्टरमाइंड की भूमिका में
सरफराज का रिकॉर्ड उनके अनुभव की गवाही देता है. उन्होंने पाकिस्तान को 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत पर ऐतिहासिक जीत दिलाई थी. उनका कप्तानी रिकॉर्ड किसी भी दिग्गज को प्रभावित कर सकता है.

चैंपियंस ट्रॉफी: 70% जीत दर के साथ ऐतिहासिक खिताब.

टी20 इंटरनेशनल : बतौर कप्तान 37 में से 29 मैच जीते (78.37% विन रेट).

टेस्ट अनुभव: 54 टेस्ट मैचों में 3,031 रन, जिसमें 4 शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं.

भले ही सरफराज ने अपना आखिरी टेस्ट 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेला था, लेकिन खेल के प्रति उनका जुनून आज भी वैसा ही है. फिलहाल वे यूएई में ‘पाकिस्तान शालीन्स’ के साथ इंग्लैंड लायंस के खिलाफ काम कर रहे हैं, जो उनकी कोचिंग क्षमताओं को और निखार रहा है.

वनडे टीम में भी भारी फेरबदल: बाबर-सैम आउट, फरहान इन
एक तरफ सरफराज कोच की कुर्सी संभालने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वनडे टीम में चयनकर्ताओं ने ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की है. बांग्लादेश दौरे के लिए चुनी गई वनडे टीम से स्टार बल्लेबाज बाबर आजम और युवा ऑलराउंडर सैम अयूब को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. इसकी जगह साहिबजादा फरहान को टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने प्रदर्शन से सबको हैरान कर दिया था. शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी वाली इस 15-सदस्यीय टीम में फरहान के साथ 6 नए खिलाड़ियों को मौका मिला है, जो इस बात का संकेत है कि पाकिस्तान अब भविष्य की टीम तैयार कर रहा है.

क्या सरफराज बदल पाएंगे टेस्ट की किस्मत?
पाकिस्तान की टेस्ट टीम पिछले कुछ समय से संघर्ष कर रही है. ऐसे में सरफराज जैसा खिलाड़ी, जो मैदान पर अपनी आक्रामकता और विकेट के पीछे से गेम चलाने के लिए जाना जाता है, ड्रेसिंग रूम में नई ऊर्जा फूंक सकता है. बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज (पहला टेस्ट: 8 मई, दूसरा टेस्ट: 16 मई) उनके कोचिंग करियर की दिशा तय कर सकती है.



Source link