अनूपपुर में हाथी का हमला, युवक घायल: खेत में काम करते समय सूंड से पटका; सीएचसी कोतमा में भर्ती – Anuppur News

अनूपपुर में हाथी का हमला, युवक घायल:  खेत में काम करते समय सूंड से पटका; सीएचसी कोतमा में भर्ती – Anuppur News




अनूपपुर जिले के कोतमा वन परिक्षेत्र के ग्राम चुकान में गुरुवार शाम करीब 4 बजे एक जंगली हाथी ने खेत में काम कर रहे 20 वर्षीय युवक दारा सिंह पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में भर्ती कराया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा के बीएमओ केएल दीवान ने बताया कि युवक हाथी के हमले से घायल हुआ है, लेकिन उसकी हालत सुरक्षित है और गंभीर चोटें नहीं आई हैं। उसका इलाज जारी है। घायल दारा सिंह, पिता राम सिंह ने बताया कि वह शाम के समय अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी हाथी ने पीछे से अचानक सूंड से टक्कर मारकर हमला कर दिया, जिससे वह दूर जा गिरा और उसे चोटें आईं। आसपास काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने घायल दारा सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया। घटना के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग की निगरानी और चेतावनी व्यवस्था होती तो इस हादसे से बचा जा सकता था। वन विभाग की टीम को जानकारी नहीं कोतमा रेंजर हरीश तिवारी ने बताया कि उन्हें हाथी के संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं है और वे जानकारी लेकर टीम भेजने की बात कह रहे हैं। घायल युवक के पास अब तक वन विभाग का कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा है। घटना के बाद हाथी लगातार इलाके में घूम रहा है, जिससे ग्रामीण खेतों और घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। 72 दिन से क्षेत्र विचरण कर रहे हाथी उल्लेखनीय है कि अनूपपुर जिले में वर्तमान में चार हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इनमें से तीन हाथी पिछले 72 दिनों से क्षेत्र में थे, जबकि एक अन्य हाथी सप्ताहभर पहले आया है। पूर्व में इन हाथियों के हमले में तीन लोगों के घायल होने और इलाज के दौरान मौत होने की घटनाएं हो चुकी हैं। यह घायल होने का चौथा मामला है।



Source link