कसरावद में गाड़ा खिंचाई की परंपरा निभाई: बड़वा ने सात गाड़े खींचे, होली पर्व पर 6 हजार श्रद्धालु जुटे – Khargone News

कसरावद में गाड़ा खिंचाई की परंपरा निभाई:  बड़वा ने सात गाड़े खींचे, होली पर्व पर 6 हजार श्रद्धालु जुटे – Khargone News




खरगोन जिले के कसरावद में होली के अवसर पर आस्था से जुड़ी गाड़ा खिंचाई की परंपरा निभाई गई। इस सालाना आयोजन को देखने के लिए शहर और आसपास के क्षेत्रों से लगभग 6 हजार श्रद्धालु पहुंचे। यह आयोजन भवानी माता चौक पर हुआ, जहां यादव मोहल्ले के श्रीराम यादव, जिन्हें ‘बड़वा’ कहा जाता है, ने पारंपरिक गाड़ा खिंचाई की रस्म निभाई। गोधूलि बेला में श्रीराम यादव ने गाड़ा पूजन कर कपूर आरती उतारी। इसके बाद उन्होंने सात गाड़े खींचकर परंपरा का निर्वहन किया। गाड़ा खींचने से पहले उन्हें हल्दी लगाई गई थी। मंदिर में पूजा-दर्शन के बाद सारथियों ने उन्हें अपने कंधों पर बैठाकर खंडेराव बाबा के जयकारों के साथ गाड़ा मैदान तक पहुंचाया। इस पूरे आयोजन को विवाह की रस्मों की तरह संपन्न किया गया, जिसे देखने के लिए 15 से अधिक गांवों से श्रद्धालु आए थे। लगभग दो घंटे चले इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि यह परंपरा सामान्यतः होली के बाद धुलेंडी के दिन निभाई जाती है। हालांकि, इस वर्ष चंद्रग्रहण के कारण इसे एक दिन आगे बढ़ाकर दूज के दिन आयोजित किया गया।



Source link