छतरपुर जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र स्थित हथनी कुंड जंगल में रोजा इफ्तार के दौरान अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई और जान बचाने के लिए भाग रहे कई लोग घायल हो गए। कुछ लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मारा, जबकि कुछ भागदौड़ में गिरकर चोटिल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना हथनी कुंड जंगल स्थित चट्टानों और झरने के पास हुई। अंजार राइन अपने साथियों के साथ यहां रोजा खोलने (इफ्तार) के लिए पहुंचे थे। इफ्तार की तैयारी के लिए जैसे ही सिलेंडर में आग जलाई गई, उसका धुआं और आंच जंगल में मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते तक पहुंच गई। इससे मधुमक्खियां भड़क गईं और उन्होंने अचानक वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। जान बचाने मची भगदड़, डंक लगने और गिरने से हुए घायल आग और धुएं से भड़कीं मधुमक्खियों को अपने ऊपर मंडराते देख मौके पर भारी भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस अफरातफरी में कई लोगों को मधुमक्खियों ने अपना निशाना बनाया और डंक मार दिया। वहीं, कई अन्य लोग जंगल में भागते समय गिरने और टकराने की वजह से चोटिल हो गए। सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, प्राथमिक उपचार के बाद हालात सामान्य मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह सूझबूझ से स्थिति को संभाला और घायलों को वहां से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटनास्थल घने जंगल क्षेत्र में होने के कारण स्थिति को तुरंत नियंत्रित करने में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। सभी घायलों को समय रहते प्राथमिक उपचार मिल गया और कुछ समय बाद हालात पूरी तरह सामान्य हो गए।
Source link