झाबुआ के रामा जंगल में आग, रेंजर मौके पर पहुंचे: ग्रामीणों और वन समिति सदस्यों ने मिलकर बुझाई – Jhabua News

झाबुआ के रामा जंगल में आग, रेंजर मौके पर पहुंचे:  ग्रामीणों और वन समिति सदस्यों ने मिलकर बुझाई – Jhabua News




झाबुआ जिले के रामा क्षेत्र में बुधवार रात वन विभाग के जंगलों में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें दूर से भी देखा जा सकता था। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ग्राम वन समिति बड़ी हिड़ी के सदस्य और नवापाड़ा व गोमला गांव के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए जंगल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग को सूचित किया और खजूर के पत्तों जैसे पारंपरिक संसाधनों का उपयोग कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। वन विभाग की टीम डिप्टी रेंजर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम से डिप्टी रेंजर एडिसन भिंडे, मनोज सिंगार और राकेश डामोर सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसी बीच, राष्ट्रीय आदिवासी क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सामाजिक कार्यकर्ता गब्बर सिंह वास्केल भी अपनी टीम के साथ सहायता के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। वास्केल ने बताया कि नवापाड़ा बीट क्रमांक 418 के बड़ी हिड़ी जंगल में लगी यह आग बेहद भयावह थी। इसे बुझाने के लिए ग्रामीणों और वन कर्मियों ने घंटों कड़ी मेहनत की। ग्रामीणों के अदम्य साहस और समय पर की गई कार्रवाई की वजह से एक बड़ी प्राकृतिक क्षति होने से बच गई। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर वन विभाग के कर्मचारी अभी भी मौके पर तैनात होकर निगरानी कर रहे हैं ताकि आग दोबारा न भड़के।



Source link