Last Updated:
आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर-8 से बाहर होने वाली जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम आखिरकार अपने देश के लिए रवाना हो गई है. खाड़ी देशों में ईरान-अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के कारण एयर स्पेल को बंद कर दिया गया था, जिसके बाद टीम को स्वदेश लौटने में देरी हुई है. ऐसे में अब आईसीसी हस्तझेप के बाद टीम को जिम्बाब्वे के लिए रवाना किया गया है.
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम लौटी अपने देश
नई दिल्ली: खाड़ी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद भी भारत में फंसी जिम्बाब्वे की क्रिकेट टीम आईसीसी के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार स्वदेश रवाना हो गई. जिम्बाब्वे के लिए यह टी20 विश्व कप यादगार रहा. उसने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर सुपर आठ में जगह बनाई, लेकिन उससे आगे नहीं बढ़ पाया.
जिम्बाब्वे की टीम को दो मार्च को स्वदेश रवाना होना था, लेकिन एक मार्च को नई दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका से पांच विकेट से हारने के बाद उसकी टीम यहीं फंस गई थी, लेकिन आईसीसी ने हस्तक्षेप करते हुए टीम के लिए वैकल्पिक यात्रा योजनाओं की व्यवस्था की जिससे जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों का पहला जत्था आखिरकार बुधवार को स्वदेश रवाना हो गया.
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने की है स्वदेश लौटने की पुष्टि
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा, ‘‘जिम्बाब्वे क्रिकेट इस बात की पुष्टि करता है कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में भाग लेने वाली जिम्बाब्वे की सीनियर पुरुष टीम पारगमन संबंधी बाधाओं के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के बाद भारत से स्वदेश लौट रही है.’’ इसमें कहा गया है, ‘‘उड़ान की उपलब्धता और संशोधित मार्ग के कारण टीम अलग-अलग बैच में हरारे लौटेगी. खिलाड़ियों का पहला जत्था बुधवार को भारत से रवाना हो गया है, जबकि आखिरी जत्था शुक्रवार दोपहर को रवाना होगा.’’
जिम्बाब्वे की टीम को एमिरेट्स की उड़ान से दुबई होकर स्वदेश लौटना था, लेकिन मध्य पूर्व में संकट के कारण खाड़ी क्षेत्र में उड़ानों में व्यवधान के बाद इसे बदलना पड़ा. जिम्बाब्वे की टीम अब इथियोपिया के अदीस अबाबा से होते हुए हरारे पहुंचेगी. जिम्बाब्वे के साथ-साथ वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम भी इसी कारण से भारत में फंसी हुई है, लेकिन अभी तक उनकी यात्रा योजना के बारे में कोई नयी सूचना नहीं मिली है.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें