‘वानखेड़े को शांत कर देंगे’, टॉस के वक्त इंग्लैंड के कप्तान ब्रूक ने भरी हुंकार

‘वानखेड़े को शांत कर देंगे’, टॉस के वक्त इंग्लैंड के कप्तान ब्रूक ने भरी हुंकार


मुंबई. इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में टॉस के समय जीत की हुंकार भरी. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टॉस जीतकर बॉलिंग चुनने के बाद ब्रूक ने कहा कि उम्मीद है हम क्राउड को शांत रखने में कामयाब होंगे. हैरी ब्रूक का यह बयान पैट कमिंस के उस बयान की तरह है, जो ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल मैच से पहले दिया था.  इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है. भारत की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं है, जबकि इंग्लैंड ने रेहान की जगह जेमी ओवरटन को इस नॉकआउट मैच में शामिल किया है.

इस मुकाबले को जीतने वाली टीम 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मैच खेलेगी. टॉस जीतने के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा, ‘हम गेंदबाजी करेंगे. यह अच्छा विकेट लग रहा है, उम्मीद है कि हम बॉल से अच्छी शुरुआत कर पाएंगे. जाहिर है, उन्हें (भारतीय टीम) इस ग्राउंड पर हमसे अधिक अनुभव है. टी20 क्रिकेट में आपको कभी नहीं पता होता कि क्या होने वाला है. उम्मीद है कि हम उन्हें (भीड़ को) शांत रख पाएंगे. रेहान की जगह जेमी ओवरटन को मौका दिया गया है.’

भारत बनाम इंग्लैंड सेमीफाइनल टॉस

दूसरी ओर, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘हम पहले बैटिंग करने की सोच रहे थे. सेमीफाइनल एक बड़ा गेम है. यहां हवा भी चल रही है. हमें नहीं लगता कि यहां ज्यादा ओस होगी. यह एक अच्छी पिच लग रही है. हमारी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं है.’

इंग्लैंड की टीम लगातार पांचवीं बार टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेल रही है. ऐसा लगातार तीसरी बार है, जब सेमीफाइनल में इंग्लैंड और भारत की टीम आमने-सामने हैं. टी20 वर्ल्ड कप में भारत-इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 5 मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 3 मैच जीते. इस विश्व कप में भारत का सफर शानदार रहा है. टीम इंडिया ने अब तक सिर्फ एक ही मैच गंवाया है.

भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह.

इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद.



Source link