लिंक रोड नंबर-2 स्थित तुलसी नगर में 40 करोड़ रुपए की लागत से बना नगर निगम का नया मुख्यालय अभी औपचारिक रूप से उद्घाटित भी नहीं हुआ है, लेकिन कुछ विभागों को यहां शिफ्ट कर दिया गया है। गुरुवार को अवकाश के बाद दफ्तर खुले ही थे कि एक बुजुर्ग ओपन एरिया से नीचे गिरकर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वे हाउसिंग फॉर ऑल (HFA) शाखा में जानकारी लेने आए थे। जिस स्थान से वे गिरे, वहां बाउंड्री या रेलिंग का काम अधूरा है। घटना के बाद भवन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पूछताछ के लिए आए थे मुख्यालय
जानकारी के अनुसार, कोकता निवासी श्याम सुंदर नामक बुजुर्ग हाउसिंग फॉर ऑल योजना के संबंध में जानकारी लेने नगर निगम के नवीन मुख्यालय भवन पहुंचे थे। संबंधित शाखा पहली मंजिल पर संचालित हो रही है। पहली मंजिल पर बने ओपन एरिया (छत) के चारों ओर सुरक्षा रेलिंग या बाउंड्री वॉल का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। इसी क्षेत्र में मौजूद रहने के दौरान अचानक बुजुर्ग नीचे गिर गए। निगम कर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद निगम कर्मचारियों ने घायल बुजुर्ग को 1250 अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें जेपी अस्पताल रेफर किया गया। जेपी अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें हमीदिया अस्पताल ले जाने की सलाह दी। हालांकि, हमीदिया अस्पताल में बुजुर्ग के भर्ती होने की पुष्टि नहीं हो सकी थी। उद्घाटन से पहले शिफ्ट हुए विभाग नगर निगम की नई बिल्डिंग का आधिकारिक उद्घाटन अभी तक नहीं हुआ है। इसके बावजूद कुछ विभागों को यहां स्थानांतरित कर दिया गया है। घटना के बाद भवन की अधूरी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि यदि ओपन एरिया में रेलिंग का कार्य समय पर पूरा किया गया होता, तो हादसा टाला जा सकता था। यह भी पढ़ें… 40 करोड़ की बिल्डिंग में मीटिंग हॉल बनाना ही भूले मध्य प्रदेश की राजधानी में खराब इंजीनियरिंग का एक और नमूना सामने आया है। लिंक रोड नंबर-1 पर भोपाल नगर निगम ने 5 एकड़ में करीब 40 करोड़ रुपए से 8 मंजिला बिल्डिंग तो बना दी, लेकिन जिम्मेदार मीटिंग हॉल बनाना भूल गए। अब पास की खाली 0.25 एकड़ जमीन कलेक्टर से मांगी गई है। नई बिल्डिंग में 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे, यानी जनता के पैसे की बर्बादी…। यह एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि ऐसे 2 प्रोजेक्ट और हैं, जिनमें खराब इंजीनियरिंग के नमूने सामने आ चुके हैं। 90 डिग्री एंगल वाले ऐशबाग ब्रिज को लेकर पहले ही भोपाल सुर्खियों में रह चुका है। फिर मेट्रो के 2 स्टेशन भी सुर्खियां बटोर चुके हैं। इन नमूनों को सिलसिलेवार जानिए…।पढ़ें पूरी खबर…
Source link