इंदौर कांग्रेस में बचे हुए 4 ब्लॉकों के अध्यक्षों के नाम पर लगभग सहमति बनने के आसार नजर आ रहे हैं। हालांकि इनकी नियुक्ति का मामला लंबे समय से ठंडा पड़ा है और गुटबाजी के चक्कर में शहर अध्यक्ष भी अभी तक फैसला नहीं ले पाए हैं। अब 3 नंबर में बराबर का फार्मूला बनाकर अध्यक्षों के नामों की घोषणा की जा सकती है। कांग्रेस ने सभी 24 में से 21 ब्लॉक में अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है और उन्हें कार्यकारिणी बनाकर भेजने के आदेश भी दे दिए हैं। नेताओं के बीच 1-1 पद की बनी सहमति शहर कांग्रेस विधानसभा 3 नंबर के 3 और 5 नंबर विधानसभा के 1 ब्लॉक अध्यक्ष के मामले में अभी तक कोई फैसला नहीं ले पाई है। संगठन सृजन अभियान के तहत दी गई समय सीमा भी समाप्त हो गई है। दरअसल तीन नंबर विधानसभा में पूर्व विधायक अश्विन जोशी, यहां से चुनाव लड़ चुके पिंटू जोशी और अरविन्द बागड़ी में अपने-अपने समर्थक को ब्लॉक अध्यक्ष बनाने का दबाव बनाया जा रहा है। इसी को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे अभी तक कोई निर्णय नहीं ले पाए हैं। सूत्रों का कहना है कि तीनों ही नेताओं के बीच एक-एक पद देने पर सहमति बन गई है, क्योंकि जल्द ही ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा के साथ-साथ कार्यकारिणी की घोषणा भी होना है और फिर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी जल्द ही ब्लॉक का दौरा शुरू करने वाले हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में ब्लॉक अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी, वहीं पांच नंबर का एक ब्लॉक भी गुटबाजी के कारण फंसा हुआ है। इस पर भी लगभग सहमति बनने के आसार नजर आ रहे हैं और सबकुछ ठीक रहा तो चारों ब्लॉक अध्यक्षों के नामों की घोषणा एकसाथ कर दी जाएगी। पटवारी करेंगे ग्रामीण इलाकों का दौरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी तीन दिन तक इंदौर जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे अलग-अलग स्थानों पर बैठक भी लेंगे। जिला कांग्रेस के अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने बताया कि 12, 13 और 14 मार्च को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर ग्रामीण का ब्लॉक स्तरीय दौरा करेंगे। वे 3 दिन में 14 ब्लाकों में आयोजित ग्राम एवं वार्ड समिति कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान 12 को महू विधानसभा के ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन, 13 को सांवेर विधानसभा के ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन और 14 को देपालपुर विधानसभा के ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन आयोजित होंगे।
Source link