गर्मी में घट रहा है दूध? बस 1 हफ्ता खिलाएं यह मिनरल मिक्सचर, भर जाएंगी बाल्टियां

गर्मी में घट रहा है दूध? बस 1 हफ्ता खिलाएं यह मिनरल मिक्सचर, भर जाएंगी बाल्टियां


Last Updated:

Animal Husbandry: गर्मियों में तापमान बढ़ने से गाय और भैंस का दूध उत्पादन घट जाता है, लेकिन पशुपालन विशेषज्ञ हेमंत शाह के अनुसार सही देखभाल, संतुलित आहार और मिनरल मिक्सचर देने से गर्मियों में भी दूध की मात्रा अच्छी रखी जा सकती है.

Animal Husbandry: गर्मियों का मौसम जहां इंसानों के लिए परेशानी लेकर आता है, वहीं पशुपालकों के लिए भी यह समय किसी चुनौती से कम नहीं होता. तापमान बढ़ते ही गाय-भैंसों के दूध उत्पादन में गिरावट आना आम बात है. कई पशुपालक इसे लेकर चिंतित रहते हैं कि आखिर गर्मी में दूध कम क्यों हो जाता है और इसे कैसे बढ़ाया जाए. पशुपालन विशेषज्ञ हेमंत शाह का कहना है कि अगर पशुओं को सही आहार और देखभाल मिले तो गर्मियों में भी दूध उत्पादन अच्छा रखा जा सकता है. इसके लिए खासतौर पर संतुलित आहार और मिनरल मिक्सचर बेहद जरूरी होता है.

मिनरल मिक्सचर से बढ़ता है दूध
पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. हेमंत शाह के मुताबिक गर्मियों में गाय-भैंसों को रोजाना 50 से 100 ग्राम तक अच्छी गुणवत्ता वाला मिनरल मिक्सचर देना चाहिए. इससे पशुओं के शरीर में जरूरी खनिज तत्वों की कमी पूरी होती है. मिनरल मिक्सचर देने से न सिर्फ दूध की मात्रा बढ़ती है बल्कि दूध में फैट की मात्रा भी बेहतर होती है. इसके साथ ही यह पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर उन्हें गर्मी के मौसम में स्वस्थ रखने में मदद करता है.

हरा चारा और खली भी जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार पशुओं को सिर्फ सूखा चारा खिलाने से दूध उत्पादन प्रभावित हो सकता है. इसलिए सूखे चारे के साथ करीब 70 से 75 प्रतिशत तक हरा चारा देना चाहिए.

इसके अलावा चोकर, दर्रा और सरसों की खली भी खिलानी चाहिए. सरसों की खली में प्रोटीन और वसा भरपूर मात्रा में होता है, जिससे पशुओं को ऊर्जा मिलती है और दूध उत्पादन बना रहता है.

आटा और सरसों का मिश्रण भी फायदेमंद
अगर गाय या भैंस अचानक दूध कम देने लगे तो पशुपालक उन्हें आटा और सरसों की खली का मिश्रण भी दे सकते हैं. इसमें मौजूद कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और वसा पशुओं को ताकत देते हैं और दूध उत्पादन बढ़ाने में मदद करते हैं.

गर्मी से बचाव भी उतना ही जरूरी
डॉ. शाह बताते हैं कि गर्मियों में पशुओं को सिर्फ अच्छा खाना देना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें गर्मी से बचाना भी जरूरी है. पशुओं को ठंडी और हवादार जगह पर बांधना चाहिए. जहां संभव हो वहां शेड में पानी का छिड़काव, फॉगिंग सिस्टम या कूलर का इस्तेमाल किया जा सकता है. साथ ही पशुओं को दिन में कई बार साफ और ठंडा पानी पिलाना चाहिए. अगर पशुपालक इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें तो गर्मियों में भी गाय-भैंसों का दूध उत्पादन अच्छा बना रह सकता है और पशु भी स्वस्थ रहते हैं.



Source link