सतना जिले की नागौद थाना पुलिस ने कुलगढ़ी बांध के पास हुई एक अंधी हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि 27 फरवरी की रात को कुलगढ़ी बांध से लगी डुड़ही नहर के पास एक शव मिला था, जिसका सिर पत्थर से कुचला गया था। मौके से मिली बाइक (एमपी 19 एमजेड 1373) और मृतक के कपड़ों से बरामद आधार कार्ड से उसकी पहचान अनिल उर्फ भोक्का (28 वर्ष), पुत्र रामप्रसाद पटेल, निवासी गोरइया कला, थाना अमदरा, जिला मैहर के रूप में हुई। परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि अनिल 24 फरवरी को अपनी मां और बहन की ज्वेलरी लेकर घर से भागा था, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। हालांकि, शव के पास से ज्वेलरी नहीं मिली थी, जिससे पुलिस ने आभूषणों की लालच में हत्या का अनुमान लगाया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और साइबर सेल की मदद ली। जांच के दौरान पता चला कि अनिल की एक महिला मित्र कुलगढ़ी क्षेत्र में ईंट-भट्ठे पर काम करती थी, जिससे मिलने वह अक्सर आता-जाता था। शव मिलने से एक दिन पहले युवक को उसकी गर्लफ्रेंड के भाई के साथ देखा गया था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि हत्या से एक रात पहले डुड़ही निवासी ममेरा भाई गोलू (23 वर्ष), पुत्र सियालाल चौधरी, अनिल को अपने घर ले गया था। इसके बाद पुलिस ने गोलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गोलू ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने अनिल को शराब और गांजा पिलाकर हत्या की थी। उसकी निशानदेही पर 2 लाख 40 हजार रुपये कीमत के आभूषण बरामद किए गए।
Source link