गुना में भाजपा मंडल अध्यक्ष के ढाबे पर कर्मचारी से मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में पूर्व विधायक के नाती पर आरोप लगे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पायगा मोहल्ला निवासी जीवन प्रजापति (31) पुत्र पप्पू प्रजापति ने गुरुवार को कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह शांति ढाबे पर काम करता है। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे वह ढाबे पर मौजूद था। हॉर्न बचाने को लेकर हुआ था विवाद जीवन प्रजापति के मुताबिक इसी दौरान एक काले रंग की कार ढाबे के सामने आकर रुकी और चालक लगातार हॉर्न बजाने लगा। ढाबे से कोई कर्मचारी उसके पास नहीं पहुंचा तो वह गुस्से में अंदर आ गया। आरोपी की पहचान आनंद जाटव के रूप में हुई, जो पहले भी ढाबे पर आता-जाता रहा है। आरोप है कि वह स्टाफ को गालियां देने लगा। जब जीवन प्रजापति ने उसे गाली देने से मना किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने ढाबे के शीशे पर बोतल फेंक दी, जिससे शीशा टूट गया। कर्मचारी धीरज अहिरवार बीच-बचाव करने आया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आनंद जाटव के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मंडल अध्यक्ष का है ढाबा जिस शांति ढाबे पर यह घटना हुई, वह भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन राजपूत का बताया जा रहा है। वहीं आरोपी आनंद जाटव पूर्व विधायक गोपीलाल जाटव का नाती है। गोपीलाल जाटव गुना, अशोकनगर और शाढ़ौरा विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं और राज्यमंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में उनका टिकट कट गया था।
Source link