दहेज में कार नहीं मिली तो पत्नी पर फेंका एसिड: गोद में सो रही बच्ची समेत मां झुलसी; बचाने में ससुर पर भी गिरा एसिड – Gwalior News

दहेज में कार नहीं मिली तो पत्नी पर फेंका एसिड:  गोद में सो रही बच्ची समेत मां झुलसी; बचाने में ससुर पर भी गिरा एसिड – Gwalior News




ग्वालियर में कार की मांग को लेकर एक नवविवाहिता को पति द्वारा प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पांच दिन पहले नशे की हालत में घर पहुंचे पति ने फिर कार की मांग की। पत्नी ने विरोध किया तो उसने पास रखी एसिड (कालाभूत) की बोतल उस पर फेंक दी। उस समय नवविवाहिता अपनी चार माह की बच्ची को गोद में लिए हुए थी। एसिड गिरने से महिला के हाथ, पैर और थाई झुलस गए। बच्ची पर भी कुछ बूंदें गिरीं। बहू का शोर सुनकर बचाने आए ससुर की शर्ट पर भी एसिड की बूंदें गिर गईं। घटना 1 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे लोहिया बाजार क्षेत्र में हुई। घायल महिला की शिकायत पर कोतवाली थाने पुलिस ने गुरुवार को दहेज एक्ट और हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है।
ग्वालियर के डबरा निवासी 28 वर्षीय योगिता अग्रवाल की शादी 6 फरवरी 2024 को लोहिया बाजार निवासी मनन, पुत्र महेंद्र अग्रवाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। बेटी की शादी में योगिता के पिता ने अपनी हैसियत से अधिक खर्च किया था। शादी के बाद करीब 15 से 20 दिन तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन इसके बाद सास-ससुर और पति कार की मांग करने लगे। पति मनन अग्रवाल ने योगिता से कहा कि वह अपने पिता से कार दिलाने की बात करे। योगिता ने समझाया कि उसके पिता के पास अब इतने पैसे नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद पति उसे लगातार प्रताड़ित करता रहा। करीब चार माह पहले योगिता ने एक बच्ची को जन्म दिया। कार की मांग और विरोध करने पर पति द्वारा मारपीट किए जाने की बात योगिता ने अपने मायके पक्ष को भी बताई थी। पांच दिन पहले गुस्से में फेंका एसिड होलिका दहन से एक दिन पहले, 1 मार्च की रात करीब 9 बजे मनन नशे की हालत में घर पहुंचा। उसने पत्नी से फिर पिता को फोन कर कार दिलाने के लिए कहने को कहा। पत्नी ने विरोध किया तो उसने गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद वह पास से ही एसिड (कालाभूत) की बोतल लाकर पत्नी पर फेंक दी। एसिड गिरने से योगिता के हाथ, बाएं पैर की पिंडली और थाई झुलस गए। उस समय उसकी चार माह की बच्ची गोद में थी, जिस पर भी कुछ बूंदें गिर गईं। बहू को बचाने आए ससुर महेंद्र अग्रवाल की शर्ट पर भी एसिड के छींटे पड़े। घटना के बाद घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद योगिता और उसकी बच्ची को मायके पक्ष अपने साथ ले गए। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया- महिला का इलाज कराने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।



Source link