धार में बैंक शाखा स्थानांतरण का विरोध: भारतीय किसान यूनियन ने SDM को सौंपा ज्ञापन, बुजुर्ग किसानों को होगी परेशानी – Dhar News

धार में बैंक शाखा स्थानांतरण का विरोध:  भारतीय किसान यूनियन ने SDM को सौंपा ज्ञापन, बुजुर्ग किसानों को होगी परेशानी – Dhar News




धार के राजगढ़ में जिला सहकारी बैंक की शाखा को ग्राउंड फ्लोर से सेकेंड फ्लोर पर शिफ्ट करने के फैसले का भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने विरोध किया है। यूनियन के पदाधिकारियों ने इस मामले में एसडीएम सलोनी अग्रवाल को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। यूनियन का कहना है कि बैंक अभी आदर्श सड़क पर ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा है, जहां किसान, ग्रामीण और बुजुर्ग खाताधारक आसानी से अपने बैंक के काम कर लेते हैं। किसान यूनियन को जानकारी मिली है कि बैंक शाखा को हटाकर राजगढ़ के पालिका निधि कॉम्प्लेक्स के सेकेंड फ्लोर पर शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। यूनियन का कहना है कि इससे सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग किसानों, ग्रामीण महिलाओं और दिव्यांग लोगों को होगी। दूसरी मंजिल पर जाने में बुजुर्गों को होती है दिक्कत
भवन में सेकेंड फ्लोर तक जाने के लिए न तो लिफ्ट है और न ही रैंप की व्यवस्था है। ऐसे में बुजुर्ग और दिव्यांग लोगों के लिए सीढ़ियां चढ़कर बैंक तक पहुंचना काफी मुश्किल और जोखिम भरा होगा। किसान यूनियन ने मांग की है कि आम लोगों की परेशानी को देखते हुए बैंक शाखा को ग्राउंड फ्लोर से सेकेंड फ्लोर पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया तुरंत रोकी जाए और बैंक प्रबंधन को इस संबंध में निर्देश दिए जाएं। इस मामले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के राजगढ़ शाखा प्रबंधक भोलेसिंह राणा ने बताया कि शाखा को सेकेंड फ्लोर पर शिफ्ट करने का निर्देश मुख्यालय से मिला है। वहीं जिला प्रबंधक केके रायकवार ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। ज्ञापन सौंपते समय किसान यूनियन के जिला प्रवक्ता अरविंद जाट, सुमित चौहान सरदारपुर, मन्नालाल चौधरी, राजू मुनिया, बंटू कटारा, बागमल कुमावत, देवीलाल जाट सहित अन्य किसान मौजूद रहे।



Source link