नरसिंहपुर में खेत में मिला युवक का शव: परिजनों ने जताई प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका – Narsinghpur News

नरसिंहपुर में खेत में मिला युवक का शव:  परिजनों ने जताई प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका – Narsinghpur News




नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम डोभी में शुक्रवार को एक 27 वर्षीय युवक का शव उसके घर के पीछे खेत में अर्धनग्न अवस्था में मिला। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम डोभी निवासी गोपाल विश्वकर्मा (27) का शव शुक्रवार सुबह खेत में पड़ा मिला। उसके कपड़े अलग रखे हुए थे और शरीर पर मिट्टी लगी हुई थी। शव मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के बड़े भाई गोविंद विश्वकर्मा ने बताया कि गोपाल तेंदूखेड़ा में एक कारखाने में काम करता था। गुरुवार रात करीब 10 बजे सभी खाना खाकर सो गए थे। सुबह जब गोपाल की पत्नी टिफिन तैयार करने लगी, तो वह घर में नहीं मिला। परिजनों ने तलाश की, जिसके बाद पास के खेत में गोपाल मृत अवस्था में मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गोपाल के गांव की एक लड़की से प्रेम संबंध थे। उनका यह भी दावा है कि उस लड़की का किसी अन्य युवक से भी संबंध था। परिजनों ने इसी प्रेम प्रसंग के चलते गोपाल को बुलाकर उसकी हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। इस मामले में तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी बीएल त्यागी ने बताया कि युवक का शव उसके घर के पीछे खेत में मिला है। शव पर मिट्टी लगी हुई थी और कपड़े पास में ही रखे मिले। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार की स्पष्ट चोट के निशान नहीं दिखाई दिए हैं। उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई गई है, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



Source link