Last Updated:
Sanju Samson T20 World Cup 2026: पिछले दो मैच में शानदार पारियां खेलकर भारत को टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में भी मैच विजेता पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध हैं. लगातार दो नॉकआउट मुकाबलों में रन बनाकर संजू ने अपने टैलेंट का लोहा मनवा लिया है.
संजू सैमसन
मुंबई: चंद मैच पहले तक जिस संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन का हिस्सा तक नहीं बनाया जा रहा था. अचानक वही टीम के सबसे बड़े मैच विनर बन चुके हैं. पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ बीती रात सेमीफाइनल में 89 रन की शानदार पारी खेलते हुए भारत को चौथी बार फाइनल एंट्री दिलवाई.
संजू सैमसन ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्होंने भारत को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में जगह दिलाने में अपना योगदान दिया. सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ सात रन से जीत के बाद पत्रकारों से कहा:
बहुत अच्छा लग रहा है और यह राहत भरा अहसास है. मैं वास्तव में कुछ वर्षों से अपने देश के लिए ऐसा कुछ करने की कोशिश कर रहा था. मैं पूरे धैर्य, कड़े अभ्यास और मानसिक रूप से मजबूत बनकर इंतजार कर रहा था. निश्चित रूप से मुझे खुशी है, लेकिन मुझे लगता है कि अभी हमारा काम खत्म नहीं हुआ है. हमें अभी एक कदम और आगे बढ़ाना है और अगर हम उसमें सफल रहे तो सब कुछ सार्थक हो जाएगा. एक और मैच विजेता पारी वाकई बहुत अच्छी रहेगी.
सैमसन ने सात छक्के और आठ चौके लगाकर केवल 42 गेंदों में 89 रन बनाए, जिससे भारत ने सात विकेट पर 253 रन बनाए. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपनी लय बनाए रखने के लिए कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई अपनी 97 रन की नाबाद पारी को श्रेय दिया. उन्होंने कहा:
पिछली पारी ने निश्चित रूप से इस पारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मैं गेंद को बहुत अच्छी टाइमिंग से हिट कर रहा था और अच्छे निर्णय ले रहा था. मैंने सोचा कि अगर आप फॉर्म में हैं, तो आपको इस मैच में भी अपनी टीम के लिए योगदान देना चाहिए. यह वास्तव में मेरे जीवन के सबसे अच्छे पलों में से एक है.
सैमसन ने कहा कि आईपीएल सहित कई टी-20 मैच खेलने के अनुभव से वह परिपक्त बन गए हैं, उन्होंने कहा, ‘मैं काफी लंबे समय से इस प्रारूप में खेल रहा हूं. मैंने लगभग 300 या 400 (329) टी-20 मैच खेले होंगे. मैं पहले नंबर से लेकर छठे नंबर तक खेला हूं. मैंने एक फ्रेंचाइजी की कप्तानी भी की है. इसलिए मैं जानता हूं की टीम को किस समय में किस चीज की जरूरत है और इस स्तर पर मेरी सटीक भूमिका क्या है. इस स्पष्टता से निश्चित रूप से मनचाहे तरीके से रन बनाने में मदद मिलती है.’
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें