प्रेमी की मारपीट से आहत युवती ने नस काटी: राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, प्रेमी को पब्लिक ने पीटा – Satna News

प्रेमी की मारपीट से आहत युवती ने नस काटी:  राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, प्रेमी को पब्लिक ने पीटा – Satna News




सतना में प्रेमी की मारपीट से आहत एक युवती ने अपने हाथ की नस काट ली। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी प्रेमी मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में अस्पताल पहुंचकर युवती और उसके परिजनों को धमकाने लगा। इस पर अस्पताल में मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, घूरडांग निवासी 20 वर्षीय युवती की दोस्ती पिछले कई सालों से अमन तिवारी नामक युवक से थी। अमन ने शादी का वादा कर युवती को मिलने बुलाया और मैहर बाइपास रोड स्थित एक होटल में चार दिनों तक रोके रखा। गुरुवार शाम को अमन युवती को घुमाने के बहाने रेलवे स्टेशन ले गया। वहां किसी बात पर विवाद होने पर उसने युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रेमी की इस हरकत से आहत होकर युवती ने गुस्से में आकर अपने बाएं हाथ की नस काट ली। यह देखकर आरोपी अमन तिवारी मौके से भाग निकला। राहगीरों ने घायल युवती को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया और पुलिस व उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उधर, जैसे ही आरोपी अमन को युवती के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली, वह उसे धमकाने के लिए अस्पताल पहुंच गया। जब पीड़िता के माता-पिता ने इसका विरोध किया, तो अमन उनसे भी उलझने लगा। यह देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों ने अमन को खदेड़कर उसकी पिटाई कर दी और कोलगवां थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी अमन तिवारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।



Source link