भोपाल में 40 करोड़ की नई नगर निगम बिल्डिंग में हादसा, बुजुर्ग की मौत पर उठे सवाल

भोपाल में 40 करोड़ की नई नगर निगम बिल्डिंग में हादसा, बुजुर्ग की मौत पर उठे सवाल


Last Updated:

भोपाल नगर निगम के नए मुख्यालय में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. हाउसिंग फॉर ऑल योजना की जानकारी लेने पहुंचे एक बुजुर्ग पोर्च के पास बने गैप से गिर गए. उन्हें गंभीर हालत में जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. 40 करोड़ की लागत से बनी इस बिल्डिंग में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब बड़े सवाल उठ रहे हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

भोपाल नगर निगम की नई बिल्डिंग में बड़ा हादसा हो गया है.

भोपाल. राजधानी में नगर निगम के नए मुख्यालय की नई इमारत में एक गंभीर हादसा होने से हड़कंप मच गया है. यहां जानकारी लेने पहुंचे एक बुजुर्ग व्यक्ति ऊंचाई से गिर गए. उन्हें गंभीर हालत में तुरंत जेपी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही. बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद नगर निगम की नई बिल्डिंग में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. बताया जा रहा है कि बुजुर्ग व्यक्ति शहर में चल रही हाउसिंग फॉर ऑल योजना से जुड़ी जानकारी लेने के लिए नगर निगम पहुंचे थे. इसी दौरान वह बिल्डिंग के पोर्च के पास पहुंचे, जहां बाउंड्रीवॉल और संरचना के बीच करीब डेढ़ से दो फीट का गैप था. इसी स्थान से उनका संतुलन बिगड़ा और वे नीचे गिर गए थे.

नगर निगम की इस बिल्डिंग का उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन कुछ विभाग यहीं से संचालित हो रहे हैं. इनके कर्मचारी और आम जनता भी यहां आ रही है. ऐसे में एक बुजुर्ग नगर निगम के नए मुख्यालय में योजना से संबंधित जानकारी लेने पहुंचे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिल्डिंग के पोर्च के पास सुरक्षा रेलिंग या मजबूत बैरिकेडिंग नहीं थी. इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे नीचे गिर गए. हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.

इलाज के दौरान जेपी अस्पताल में मौत
हादसे के बाद घायल बुजुर्ग को तत्काल जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई थी. इलाज के दौरान उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और कुछ समय बाद उन्होंने दम तोड़ दिया. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक गिरने से सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं.

40 करोड़ की लागत से बनी है नई बिल्डिंग
नगर निगम का यह नया मुख्यालय करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. इस घटना ने भवन निर्माण की डिजाइन, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले भी स्थानीय लोगों और नगर निगम से जुड़े कुछ कर्मचारियों ने पहले भी इस बिल्डिंग के डिजाइन और निर्माण को लेकर सवाल उठाए थे. बताया जाता है कि भवन में कई जगह सुरक्षा से जुड़ी खामियां हैं. यहां तक कि नई बिल्डिंग में अभी तक एक बड़ा मीटिंग हॉल भी नहीं बनाया गया है. सीढ़ियों और पोर्च के पास भी कई जगह गैप और अधूरी जगह छोड़ दी गई है.

मीडिया को कवरेज से रोका गया
हादसे के बाद जब मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे तो उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया. गेट पर मौजूद कर्मचारियों ने मीडिया से बहस भी की. आरोप है कि कुछ कर्मचारियों ने मीडिया कर्मियों के साथ बदसलूकी भी की. इस घटना के बाद पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. इस हादसे के बाद नगर निगम की नई बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि सार्वजनिक भवनों में सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी होता है. यदि निर्माण के दौरान छोटे गैप या अधूरी सुरक्षा रेलिंग रह जाए तो वह बड़े हादसे का कारण बन सकती है. ऐसे में प्रशासन को पूरी बिल्डिंग का तकनीकी निरीक्षण कराना चाहिए.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें



Source link