खंडवा के ईदगाह के पीछे दुध तलाई क्षेत्र में सरकारी शिक्षिका और उनके पति के साथ पड़ोसियों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दुध तलाई निवासी शीबा बीवी (46) पति मोहम्मद आरीफ, जो शासकीय शिक्षिका हैं, ने अपने पति के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 5 मार्च की शाम करीब 6 बजे वह अपने घर पर थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला वकार अहमद और उसका बेटा शाद उनके घर पहुंचे और मकान निर्माण को लेकर विवाद करने लगे। मारपीट में घायल आरोप है कि दोनों ने सरकारी जमीन पर मकान बनाने की बात को लेकर मां-बहन की अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया। जब शीबा और उनके पति ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने उनके साथ मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार वकार अहमद ने लकड़ी से मोहम्मद आरीफ के दाहिने पैर पर वार किया, जिससे उन्हें चोट आई। मारपीट में शिक्षिका शीबा बीवी को भी पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के दौरान मोहम्मद तहसीन और शीबा के भाई मोहम्मद साकिर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
Source link