होली के त्योहार के कारण ग्वालियर के रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। घर पहुंचने की जल्दी में लोगों से मनमाना किराया वसूला जा रहा है। बसों में बैठने की जगह नहीं मिल रही है, जिससे यात्री खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर हैं। इसके साथ ही बसें भी काफी देरी से मिल रही हैं। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों का बड़ा हुजूम देखा जा रहा है। ट्रेनों में बड़ी संख्या में लोग चढ़ और उतर रहे हैं। आलम यह है कि आरक्षित कोचों में भी सामान्य बोगी की तरह भीड़ भरी हुई है। स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण भी यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जहां बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। बच्चे और परिजन खड़े हुए नजर आ रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी बस स्टैंड पर देखने को मिल रही है। बसों में अत्यधिक भीड़ है और यात्रियों से बढ़ा हुआ किराया लिया जा रहा है। इसके बावजूद, उन्हें बैठने की व्यवस्था नहीं मिल पा रही है और घंटों का सफर खड़े होकर ही तय करना पड़ रहा है। टुकड़ों में सफर कर रहे यात्री छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना जैसे कई स्थानों के लिए यात्रियों को सीधी बसें नहीं मिल रही हैं। जो बसें उपलब्ध हैं, वे भी काफी देरी से चल रही हैं। सुबह से बस स्टैंड पहुंचे यात्री बसों का इंतजार करते दिख रहे हैं। ऐसे में, यदि किसी को जल्दी पहुंचना है, तो उसे टुकड़ों में यात्रा करनी पड़ रही है। त्योहार के चलते यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। आंकड़ों के अनुसार, रोजाना लगभग 1 लाख लोग ग्वालियर से यात्रा कर रहे हैं, जिसके कारण सार्वजनिक परिवहन में अचानक भीड़ बढ़ गई है।
Source link