सीहोर जिले के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने विधायक सुदेश राय की अनुशंसा पर सीहोर के प्रधानमंत्री एक्सीलेंस चंद्रशेखर आजाद कॉलेज और विधि (लॉ) कॉलेज के विकास कार्यों के लिए कुल 15.44 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की है। इस फंड का उपयोग कॉलेजों में नए भवनों के निर्माण और पुराने क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधारीकरण के लिए किया जाएगा। शासन द्वारा स्वीकृत की गई 15.44 करोड़ रुपये की कुल राशि में से प्रधानमंत्री एक्सीलेंस चंद्रशेखर आजाद कॉलेज (सीहोर) के खाते में 777.17 लाख (करीब 7.77 करोड़) रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं, विधि कॉलेज (लॉ कॉलेज) के लिए सर्वसुविधायुक्त नए भवन के निर्माण हेतु 766.93 लाख (करीब 7.66 करोड़) रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर मिल सकेगा। प्राचार्य की मांग और विधायक की अनुशंसा पर मिली मंजूरी शासकीय कॉलेज के प्राचार्य रोहितश शर्मा ने जानकारी दी कि कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय से शासकीय मद से धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की थी। विद्यार्थियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए विधायक ने राज्य शासन और उच्च शिक्षा मंत्री के समक्ष इसकी अनुशंसा की, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ी राशि स्वीकृत हुई है। विधायक का संदेश- ‘उत्तम शैक्षणिक वातावरण देना हमारा लक्ष्य’ उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने पर विधायक सुदेश राय ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य सीहोर के विद्यार्थियों को एक उत्तम शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। विधायक ने क्षेत्र के छात्रों और युवाओं को आश्वस्त किया है कि विद्यार्थियों के हित में भविष्य में भी हर संभव और आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।
Source link