Last Updated:
India women vs Australia women: भारतीय महिला क्रिकेट टीम पिंक बॉल टेस्ट मैच में हार की कगार पर पहुंच गई है. एनाबेल सदरलैंड ने शतक जड़ने के बाद गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को बड़ी हार की ओर धकेल दिया. भारतीय टीम को तीसरे ही दिन इस मैच में हार मिल सकती है. पर्थ में जारी डे नाइट टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई.
भारतीय टीम दूसरी पारी में 6 विकेट गंवा चुकी है.
पर्थ. अनुभवी ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड ने शतक लगाने के साथ दो विकेट भी लिए, जिससे महिला डे-नाइट टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर मजबूत पकड़ बना ली. सदरलैंड की 171 गेंदों में 129 रन की बेहतरीन पारी की वजह से ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 323 रन बनाकर 125 रन की बढ़त हासिल की. यह सदरलैंड का पिछले सात पारियों में चौथा और लगातार तीसरा शतक है. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दिन खत्म होने तक भारत को दूसरी पारी में 105 रन पर छह विकेट गिरा दिए. भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 20 रन पीछे है.
दूसरे दिन का खेल खत्म होते समय प्रतिका रावल (43) और स्नेह राणा (14) क्रीज पर हैं. सदरलैंड ने बल्ले से कमाल करने के बाद हरमनप्रीत कौर (11) और जेमिमा रोड्रिग्स (14) के अहम विकेट भी लिए. उन्होंने तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ की शॉर्ट पिच गेंद को विकेटकीपर ऋचा घोष के ऊपर से बाउंड्री लगाकर 133 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. आठ टेस्ट में लगभग 90 की औसत रखने वाली इस दाएं हाथ की बल्लेबाज ने तेज और स्पिन दोनों गेंदबाजों के खिलाफ शानदार खेल दिखाया.
भारतीय टीम दूसरी पारी में 6 विकेट गंवा चुकी है.
दीप्ति शर्मा की स्पिन पर उन्होंने कवर और मिड-ऑफ के बीच बेहतरीन ड्राइव लगाए, जबकि क्रांति गौड़ की फुल लेंथ गेंद पर मिड-विकेट की तरफ चौका मारा. उनकी बल्लेबाजी में तकनीक, टाइमिंग और ताकत का अच्छा मिश्रण देखने को मिला. ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 96 रन से की थी, तब स्थिति थोड़ी अस्थिर थी, लेकिन सदरलैंड ने दो अहम साझेदारियां कर टीम को मजबूत किया. अनुभवी एलिस पेरी (76) ने चौथे विकेट के लिए उनके साथ 128 रन की साझेदारी की, जिसे दीप्ति ने पेरी को पगबाधा कर तोड़ा. सदरलैंड ने इसके बाद बेथ मूनी के साथ पांचवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े.
मूनी शुरुआत में संघर्ष कर रही थीं और उन्हें खाता खोलने से पहले लगातार दो बार जीवनदान मिला, जिसमें दीप्ति की गेंद पर स्लिप में स्नेह राणा का आसान कैच छोड़ना भी शामिल था. सदरलैंड के आउट होते ही भारत को वापसी का मौका मिला. उन्होंने दीप्ति की गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हरमनप्रीत के हाथों में चली गई. इसके बाद अलाना किंग और लूसी हैमिल्टन ने 20-20 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 के पार पहुंचाया और पहली पारी की बढ़त 100 रन से ज्यादा कर दी. भारतीय बल्लेबाज दूसरी पारी में भी बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए.
स्मृति मंधाना तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन की गेंद को स्टंप्स पर खेल गईं, वहीं शेफाली वर्मा लूसी हैमिल्टन की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में विकेटकीपर बेथ मूनी को कैच दे बैठीं. सबसे ज्यादा निराश जेमिमा ने किया. दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने जोखिम लेकर स्कूप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे विकेटकीपर मूनी के हाथों में चली गई. बाएं हाथ की तेज गेंदबाज हैमिल्टन ने 24वें ओवर में दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष को आउट किया, जिससे भारत का स्कोर छह विकेट पर 82 रन हो गया. प्रतिका और राणा ने इसके बाद विकेटों का गिरना रोका, लेकिन दिन के अंत तक टीम की स्थिति काफी कमजोर हो गई थी.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें