कटहल के छोटे फल बार-बार झड़ रहे हैं? बस मार्च में कर लें ये 3 काम, फल से लदेंगे पेड़

कटहल के छोटे फल बार-बार झड़ रहे हैं? बस मार्च में कर लें ये 3 काम, फल से लदेंगे पेड़


होमताजा खबरकृषि

कटहल के फल बार-बार झड़ रहे हैं? मार्च में कर लें ये 3 काम, फल से लदेंगे पेड़

Last Updated:

Jackfruit Farming Tips: कटहल की खेती करने वाले किसानों को अक्सर एक समस्या का सामना करना पड़ता है जिसमें पेड़ पर लगे छोटे फल समय से पहले झड़ने लगते हैं. खासकर मार्च और अप्रैल के महीनों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है जिससे उत्पादन पर असर पड़ता है. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार सही पोषण, रोग नियंत्रण और कीट प्रबंधन से इस समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है. गोबर की खाद, हल्दी के घोल का छिड़काव और तने पर खास लेप लगाने से पेड़ स्वस्थ रहता है और फल गिरना कम हो जाता है. अगर किसान समय पर इन आसान उपायों को अपनाएं तो कटहल का उत्पादन बढ़ सकता है और अच्छी कमाई भी हो सकती है.

Kathal Ki kheti ke Tips: कटहल की खेती करने वाले कई किसानों को एक बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है. पेड़ पर फल तो लगते हैं, लेकिन छोटे-छोटे फल समय से पहले ही झड़ने लगते हैं. खासकर मार्च और अप्रैल के महीनों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है.

अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया जाए तो उत्पादन काफी कम हो सकता है और किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है.

क्यों झड़ने लगते हैं कटहल के छोटे फल
वरिष्ठ किसान सलाहकार मनसुख लाल कुशवाहा बताते हैं कि कटहल एक उष्णकटिबंधीय फलदार पेड़ है, जिसे उसके स्वाद और पोषण के लिए जाना जाता है. कटहल का इस्तेमाल फल और सब्जी दोनों रूपों में किया जाता है और इसमें कई औषधीय गुण भी होते हैं.

लेकिन कई बार पेड़ को पर्याप्त पोषण नहीं मिलने की वजह से छोटे फल झड़ने लगते हैं. अगर पेड़ को समय पर सही पोषण और देखभाल मिल जाए तो इस समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है.

मार्च में करें ये जरूरी काम
विशेषज्ञों के अनुसार मार्च के महीने में कटहल के पेड़ की जड़ों के पास करीब दो फीट की दूरी पर गोल आकार में गड्ढा बनाना चाहिए. इसके बाद उसमें अच्छी तरह सड़ी हुई करीब एक साल पुरानी गोबर की खाद डालनी चाहिए. खाद की मात्रा पेड़ की उम्र के हिसाब से होनी चाहिए. उदाहरण के लिए अगर पेड़ की उम्र पांच साल है तो उसमें लगभग पांच टोकरी गोबर की खाद डालना फायदेमंद माना जाता है.

रोगों से बचाने के लिए करें यह उपाय
कटहल के पेड़ को बीमारियों से बचाने के लिए हल्दी का घोल भी काफी कारगर माना जाता है. इसके लिए पांच लीटर पानी में करीब पांच चम्मच हल्दी मिलाकर घोल तैयार किया जाता है. इस घोल का पेड़ पर छिड़काव करने से कई तरह के रोगों को नियंत्रित करने में मदद मिलती है और फल झड़ने की समस्या भी कम हो सकती है.

कीटों से बचाव भी है जरूरी
कई बार पेड़ पर चढ़ने वाली चींटियां और दूसरे कीट भी फलों को नुकसान पहुंचाते हैं. इससे फल कमजोर होकर गिरने लगते हैं. इससे बचाव के लिए चूना और नीला थोथा यानी कॉपर सल्फेट मिलाकर एक लेप तैयार किया जाता है. इस लेप को पेड़ के तने पर लगाया जाता है. ध्यान रहे कि यह मिश्रण फलों पर न लगे. तने पर लेप लगाने से कीट ऊपर नहीं चढ़ पाते और फल सुरक्षित रहते हैं.

सही देखभाल से बढ़ेगा उत्पादन
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि कटहल की खेती में संतुलित पोषण, रोग नियंत्रण और कीट प्रबंधन बेहद जरूरी होता है. अगर किसान मार्च के महीने में ये आसान उपाय अपना लें तो छोटे फलों के झड़ने की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है. सही देखभाल से पेड़ पर ज्यादा और बेहतर गुणवत्ता के फल लगते हैं, जिससे उत्पादन भी बढ़ता है और किसानों की आय में भी अच्छा इजाफा हो सकता है.

About the Author

Shweta Singh

Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें



Source link