बैतूल शहर के इटारसी रोड पर बसंत पेट्रोल पंप के पास शनिवार देर शाम को एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि राशिद भाई के प्लास्टिक और रद्दी के कबाड़ में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग भड़क उठी। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, रबर, टायर और वाहनों का स्क्रैप रखा था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे कबाड़ के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। बैतूल, बैतूल बाजार और शाहपुर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। कुल तीन से चार दमकल वाहनों की मदद से देर शाम तक आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के तीन थानों का पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया, जिसने क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
बीच-बीच में तेज धमाकों जैसी आवाजें
गोदाम में करीब 500 से अधिक टायर, एयर टंकियां, ब्रेक सिलेंडर और अन्य वाहनों के कबाड़ का सामान रखा हुआ था। आग लगने के बाद बीच-बीच में तेज धमाकों जैसी आवाजें भी सुनाई देती रहीं, जो कबाड़ में रखी एयर टंकियों के फूटने से आ रही थीं। इससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। आग लगने वाले स्थान के ठीक ऊपर से हाई पावर बिजली लाइन भी गुजर रही है। आग की लपटें और गर्मी से बिजली के तारों के पिघलने का खतरा भी पैदा हो गया था। हालांकि फायर ब्रिगेड द्वारा लगातार पानी डाले जाने से आग की तीव्रता कुछ कम हुई और लपटें बिजली लाइनों तक नहीं पहुंच सकीं।
कबाड़ को हटाकर अलग किया जा रहा
सावधानी के तौर पर पुलिस ने आसपास की दुकानों को भी खाली करवा दिया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। आग को फैलने से रोकने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन भी बुलाई गई है, जिसकी मदद से कबाड़ को हटाकर अलग किया जा रहा है ताकि आग को नियंत्रित किया जा सके। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर आग लगी है, उसके ठीक बगल में एचपी गैस का कार्यालय भी स्थित है। ऐसे में आग के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका भी बनी हुई थी, लेकिन समय रहते फायर ब्रिगेड और पुलिस की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। देखिए तस्वीरें…
Source link