राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शनिवार को कैवल्य योग आश्रम दौलाज के तत्वावधान में अतिविष्णु यज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर नाहरदा मंदिर से भव्य कलश जलयात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। जलयात्रा सुबह करीब 11 बजे नाहरदा मंदिर से शुरू हुई और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बड़े मेला ग्राउंड स्थित यज्ञ स्थल तक पहुंची। इसमें सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश रखकर शामिल हुईं, जिनकी कतारें आस्था का प्रतीक थीं। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ पूरे मार्ग पर आगे बढ़ते रहे। यात्रा का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ से आए कलाकारों का लोकनृत्य था। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोकनृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कई स्थानों पर लोग नृत्य और भक्ति संगीत के साथ झूमते नजर आए। रथ पर सवार होकर निकले संत
संत डॉ. रघुनाथानंद अवधूत रथ पर सवार होकर यात्रा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। नगर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। जलयात्रा झालावाड़ नाका, तोपखाना गेट, सुभाष चौक, सर्राफा बाजार चौक, पिपली बाजार, पटवा बाजार, दांगी दरवाजा और मंडी रोड से गुजरी। यात्रा में समिति अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। अतिविष्णु यज्ञ आगामी एक माह तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन यज्ञ, धार्मिक अनुष्ठान, संतों के प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं और एक मेले का भी आयोजन किया गया है।
Source link