ग्वालियर में एक युवक को एफआईआर दर्ज कराने के बदले गोली मार दी गई। यह घटना शुक्रवार देर रात थाटीपुर थाना क्षेत्र के बजरिया में हुई। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, संतोषी माता मंदिर के पीछे रहने वाले 20 वर्षीय सूरज सेन पिता वीरेंद्र सेन शुक्रवार शाम किसी काम से बजरिया जा रहे थे। तभी पास ही रहने वाले शिवम खटीक, राहुल खटीक, अभिषेक खटीक और कालू ने उनका रास्ता रोककर विवाद शुरू कर दिया। विवाद के दौरान हमलावरों ने सूरज पर गोली चला दी। सूरज के पलटते ही गोली उसके हाथ में लगी। गोली लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल सूरज को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और आरोपियों की तलाश में पुलिस दल रवाना किया। बताया गया है कि इस घटना से एक दिन पहले हमलावरों ने सूरज के परिवार के शेर सिंह के साथ मारपीट की थी। इस मामले में पीड़ित परिवार ने थाटीपुर थाने में FIR दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह गोलीबारी हुई। मुरार थाना सर्किल के सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि विवाद में एक युवक को गोली लगी है। गोली उसके हाथ में लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
Source link