Last Updated:
Varun Chakaravarthy could become tension for Team India: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया के लिए स्पिनर वरुण चक्रवर्ती मुश्किल बन सकते हैं. सेमीफाइनल मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती की जमकर धुनाई हुई थी. ऐसे में फाइनल से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर की धड़कने बढ़ गई है.
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर की बढ़ी टेंशन
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड 253 रन का स्कोर खड़ा किया था. टी20 विश्व कप के नॉकआउट इतिहास का ये सबसे बड़ा स्कोर था. अक्सर टी20 फॉर्मेट में पहले बल्लेबाजी करते हुए अगर कोई टीम 200 से ऊपर का स्कोर बना दें तो उसे सुरक्षित मान लिया जाता है, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने अपने 253 रन के बचाव में 246 रन लुटा दिए. इस नॉकआउट मैच में भारतीय टीम को मुश्किल से 7 रन से जीत मिली. टीम को ये जीत कुछ अच्छी फील्डिंग और कैच के बदौलत हासिल हुई.
ऐसे में साफ है कि टीम इंडिया ने अगर 253 रन के बचाव में 246 रन लुटा दिए तो गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई होगी. सेमीफाइनल मुकाबले में अगर जसप्रीत बुमराह के स्पेल को छोड़ दें तो हर किसी की पिटाई हुई. खास तौर से स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पर तो इंग्लैंड के बल्लेबाज बरस पड़े. ये वही वरुण चक्रवर्ती हैं, जो आईसीसी के गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर एक हैं. इसी वरुण चक्रवर्ती पर टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव को घमंड था कि ये खिलाड़ी उनके लिए तुरुप का इक्का साबित होगा, लेकिन अब उसी की वजह से गंभीर को टेंशन हो रही होगी.
वरुण ने 4 ओवर में लुटाए 64 रन
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में वरुण चक्रवर्ती की मिस्ट्री स्पिन गेंदबाजी बुरी तरह से फेल रही. वरुण ने अपने चार ओवर के स्पेल में 64 रन लुटा दिए. अब सवाल ये उठता है कि फाइनल से पहले क्या वरुण इंग्लैंड के खिलाफ हुई अपनी गलती को सुधार पाएंगे. क्योंकि वरुण चक्रवर्ती इस टूर्नामेंट में काफी असरदार रहे हैं, लेकिन फाइनल जैसे मैच में अगर वह अपना लय भटकते हैं तो फिर वह भारतीय टीम के लिए हार का कारण बन सकते हैं.
इसके पीछे की एक बड़ी वजह ये है कि फाइनल में न्यूजीलैंड के लिए ओपनर फिन एलन और टिम साइफर्ट टीम इंडिया की कमजोर कड़ी पर प्रहार निश्चित रूप से करेंगे. फिन एलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में सिर्फ 33 गेंद में शतक लगाकर सनसनी मचा दी थी. ऐसे में टीम इंडिया के लिए फिन एलन से निपटना किसी चुनौती से कम नहीं होगी.
फिन एलन और साइफर्ट का सेमीफाइनल में स्पिन के खिलाफ रन
न्यूजीलैंड का सेमीफाइनल मुकाबला साउथ अफ्रीका से हुआ था. साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल से पहले एक भी मैच नहीं हारी थी. सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रन का स्कोर खड़ा किया था. इस स्कोर के जवाब में कीवी टीम ने 12.5 ओवर में ही सिर्फ 1 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया था. दोनों टीमें इस मैच के लिए कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में टकराई थी.
स्पिन फ्रेंडली पिच पर साउथ अफ्रीका ने अपने सबसे बेस्ट स्पिनर केशव महाराज से सिर्फ 3 ओवर ही डलवाया, जिसमें उन्होंने 33 रन लुटा दिए. वहीं नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भी स्पिन गेंदबाजों पर जमकर रन बनते हैं. यही कारण है कि फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती की स्पिन गेंदबाजी टेंशन बन गई है.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें