दमोह में युवक पर कार चढ़ाने का प्रयास, VIDEO: पुरानी रंजिश में जान से मारने की कोशिश; पीड़ित बोला- पुलिस ने सुनवाई नहीं की – Damoh News

दमोह में युवक पर कार चढ़ाने का प्रयास, VIDEO:  पुरानी रंजिश में जान से मारने की कोशिश; पीड़ित बोला- पुलिस ने सुनवाई नहीं की – Damoh News




दमोह में एक युवक पर कार चढ़ाकर उसे जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो शनिवार शाम को सामने आया है। घटना में युवक घायल हुआ है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप घायल युवक अभिनव चौबे ने आरोप लगाया है कि अमरदीप ठाकुर नामक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। अभिनव के अनुसार, शुक्रवार को जब वह शिवाजी स्कूल के पास अपने घर के नजदीक एक चौराहे पर मोबाइल पर बात कर रहे थे, तभी आरोपी ने पहले उन्हें धमकी दी और फिर कार मोड़कर सीधे उन पर चढ़ा दी। अभिनव का कहना है कि पास में खड़ी एक बाइक की ओट मिलने के कारण उनकी जान बच गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। 8 साल पुरानी रंजिश, सोशल मीडिया पर धमकाया पीड़ित अभिनव ने बताया कि आरोपी अमरदीप पिछले आठ वर्षों से उनसे रंजिश रखे हुए है, हालांकि उन्हें इस विवाद का सटीक कारण नहीं पता। अभिनव ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले में पीड़ित ने शिकायत की है कि पुलिस द्वारा उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) मनीष कुमार ने बताया- घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित को थाने बुलाया गया था। टीआई के अनुसार, जब पीड़ित थाने पहुंचे तब वह वहां मौजूद नहीं थे और उनके लौटने से पहले ही पीड़ित वहां से चले गए। पुलिस का कहना है कि पीड़ित वापस थाने आकर अपना बयान दर्ज कराएं, ताकि मामले में उचित वैधानिक कार्रवाई की जा सके।



Source link