नीमच में मंदिर में अचानक घुसा तेंदुआ: ढोल बजा रहे युवक ने जाली बंद कर बचाई जान; 24 घंटे में दूसरी घटना – Neemuch News

नीमच में मंदिर में अचानक घुसा तेंदुआ:  ढोल बजा रहे युवक ने जाली बंद कर बचाई जान; 24 घंटे में दूसरी घटना – Neemuch News




नीमच जिले के कुकड़ेश्वर-रामपुरा वन क्षेत्र स्थित मां शेरावाली खोवाले मंदिर परिसर में शनिवार को एक तेंदुआ अचानक घुस आया। मंदिर में मौजूद एक युवक ने ऐन वक्त पर सूझबूझ दिखाते हुए लोहे का जालीदार गेट बंद कर अपनी जान बचाई। इस घटना का वीडियो शनिवार शाम को सामने आया है। ढोल बजा रहा था युवक, सामने आया तेंदुआ जानकारी के अनुसार, घटना के समय युवक मंदिर में ढोल बजा रहा था, तभी तेंदुआ सामने आ गया। युवक ने बिना घबराए तुरंत लोहे की जाली वाला गेट खींचकर बंद कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेंदुए ने जाली के ऊपर से युवक पर झपट्टा मारने का प्रयास किया, लेकिन गेट बंद होने और शोर मचने के कारण वह असफल रहा और वापस जंगल की ओर भाग निकला। 24 घंटे में दूसरी बार हमला क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता का यह 24 घंटे के भीतर दूसरा मामला है। इससे पहले शुक्रवार को इसी तेंदुए ने पास के अमेरी गांव में एक घर में घुसकर 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला नानी बाई पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया था। घायल महिला को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, लेकिन लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भारी रोष है। रिहायशी इलाकों में बढ़ा खतरा भीषण गर्मी के कारण जंगली जानवर पानी और शिकार की तलाश में रिहायशी इलाकों और धार्मिक स्थलों का रुख कर रहे हैं। तेंदुए के खुलेआम घूमने से ग्रामीणों में अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है।



Source link