Last Updated:
IND vs NZ T20 World Cup Final: भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली टी20 वर्ल्ड कप की खिताबी जंग में सिर्फ एक दिन का वक्त बाकी है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को भारतीय टीम तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाने के इरादे से मैदान में उतरेगी. आइए जानते हैं इस महामुकाबले के लिए टीम इंडिया कितनी तैयार है.
भारतीय क्रिकेट टीम
नई दिल्ली. टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम इतिहास रचने से सिर्फ एक कदम दूर खड़ी है. टी20 वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में भारत की भिड़ंत न्यूजीलैंड से 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होनी है. भारतीय बल्लेबाज टूर्नामेंट में अच्छी लय में दिखाई दिए हैं, लेकिन गेंदबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए फाइनल से पहले चिंता का सबब बन गया है. आइए आपको 5 पॉइंट्स में बताते हैं कि भारतीय टीम इस महाजंग के लिए कितनी तैयार है?
फॉर्म में बल्लेबाज
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन दमदार रहा है. अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म के बावजूद भारतीय टीम अहम मुकाबलों में बड़ा टोटल खड़ा करने में सफल रही है. संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी काबिलियत को साबित करके दिखाया है. संजू इस टूर्नामेंट में खेले 4 मुकाबलों में 201 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 232 रन बना चुके हैं. ईशान किशन भी अच्छी लय में दिखाई दिए हैं और उन्होंने 8 मुकाबलों में 189 के स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए हैं.
भारतीय क्रिकेट टीम
अभिषेक कर रहे निराश
हालांकि, अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन लगातार निराशाजनक रहा है. 7 पारियों में अभिषेक सिर्फ 89 रन ही बना सके हैं, जिसमें से 55 रनों की पारी उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ ही खेली थी. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 8 मैच में 242 रन जरूर बनाए हैं, लेकिन अहम मौके पर वह टीम को मझधार में छोड़कर पवेलियन लौटे हैं. सूर्या का स्ट्र्राइक रेट भी सवालों के घेरे में रहा है. तिलक वर्मा के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करने का फैसला भारतीय टीम के हित में गया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ 15 गेंदों में 27 रन बनाने के बाद सेमीफाइनल में भी बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 7 गेंदों में 21 रन बनाए. तिलक बतौर फिनिशर टीम इंडिया के लिए तुरुप का इक्का साबित हो रहे हैं.
अभिषेक शर्मा.
हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है. बल्लेबाजी में हार्दिक ने 8 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से 199 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में भी वह 8 विकेट निकाल चुके हैं. हालांकि, अक्षर पटेल उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं.
गेंदबाजी में बुमराह पर निर्भर भारत
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने हर बड़े मुकाबले में अपनी उपयोगिता साबित की है. 7 मुकाबलों में 10 विकेट चटकाने के साथ-साथ बुमराह ने सिर्फ 6.62 की इकोनॉमी से रन खर्च किए हैं. अर्शदीप सिंह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं. 7 मुकाबलों में अर्शदीप ने महज 9 विकेट निकाले हैं और उनका इकोनॉमी भी 8.53 का रहा है. अर्शदीप के लिए इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी दिक्कत यह रही है कि वह अच्छी टीमों के खिलाफ काफी महंगे साबित हुए हैं. सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी उन्होंने 4 ओवर में 51 रन खर्च किए थे. मोहम्मद सिराज के बेंच पर बैठे होने के बावजूद अर्शदीप को मौके पर मौके मिल रहे हैं.
जसप्रीत बुमराह.
वरुण की ‘मिस्ट्री’ का जादू फीका
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले वरुण चक्रवर्ती को टीम इंडिया का सबसे बड़ा मैच विनर बताया जा रहा था. हालांकि, वरुण ने भारतीय फैंस को अपने प्रदर्शन से खासा निराश किया है. वरुण बड़े मुकाबले और अच्छी टीमों के खिलाफ बुरी तरह से संघर्ष करते हुए नजर आए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में वरुण ने 4 ओवर में 64 रन दिए, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ मिस्ट्री स्पिनर ने 40 रन खर्च करते हुए सिर्फ एक विकेट चटकाया था.
वरुण चक्रवर्ती .
क्या कुलदीप को मिलेगा मौका?
वरुण के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद भारतीय टीम का उन पर अटूट भरोसा कायम नजर आया है. इंग्लैंड के खिलाफ वरुण के महंगे स्पेल की वजह से एक समय पर मुकाबला भारत के हाथ से फिसलता हुआ भी नजर आ रहा था. कुलदीप यादव जैसे अनुभवी गेंदबाज के होने पर भी वरुण को लगातार मौके देने का फैसला समझ से परे नजर आया है. यानी कुल मिलाकर अगर भारत को टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को लगातार दूसरी बार जीतकर इतिहास रचना है, तो फाइनल में कुछ कठिन फैसले लेने होंगे.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें