शिकार नहीं मिलने के विवाद में हत्या, तीन गिरफ्तार: अनूपपुर पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा किया; आरोपियों को जेल भेजा – Anuppur News

शिकार नहीं मिलने के विवाद में हत्या, तीन गिरफ्तार:  अनूपपुर पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा किया; आरोपियों को जेल भेजा – Anuppur News




अनूपपुर जिले की सरई पुलिस चौकी ने जंगल में शिकार के दौरान हुई हत्या का खुलासा शनिवार को किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। चौकी प्रभारी मंगला दुबे ने बताया कि यह घटना 3 मार्च की रात की है। 4 मार्च को देवरी टोला के बीहर बाबा मंदिर के ऊपर जैतहरी के जंगल में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान की और परिजनों को सूचित किया। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। इनको किया गिरफ्तार छानबीन के दौरान दरयाब सिंह (40 वर्ष, निवासी देवरी टोला), दउआ उर्फ अजय सिंह (28 वर्ष) और ऊडानी उर्फ भान सिंह (30 वर्ष, दोनों निवासी जैतहरी) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई भरमार बंदूक और लोहे का रॉड जब्त किया गया। मृतक की बंदूक भी बरामद कर ली गई है। शिकार नहीं मिलने पर विवाद चौकी प्रभारी के अनुसार, मृतक झूरू उर्फ धनसिंह और तीनों आरोपी अक्सर जंगली जानवरों का शिकार करते थे। होली के पर्व पर भी वे शिकार के लिए जंगल गए थे, जहां झूरू उर्फ धनसिंह और ऊडानी उर्फ भानसिंह दोनों के पास भरमार बंदूकें थीं। शिकार न मिलने और दिनभर इंतजार के बाद शराब पीने से वे नशे की हालत में आ गए। इसी दौरान झूरू उर्फ धनसिंह का ऊडानी उर्फ भानसिंह और अन्य साथियों से गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर ऊडानी उर्फ भानसिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर झूरू उर्फ धनसिंह पर भरमार बंदूक तान दी और उसके सीने में गोली मार दी। हत्या के बाद सभी आरोपी शव और मृतक की बंदूक वहीं छोड़कर भाग गए। ऊडानी उर्फ भानसिंह ने खून से सने कपड़े और अपनी भरमार बंदूक जंगल में छिपा दी थी।



Source link