हेड कॉन्स्टेबल के बर्थडे पर बदमाशों ने दिए गुलदस्ते: इंदौर में गले लगकर फोटो खिंचवाए; फोटो वायरल, जांच शुरू – Indore News

हेड कॉन्स्टेबल के बर्थडे पर बदमाशों ने दिए गुलदस्ते:  इंदौर में गले लगकर फोटो खिंचवाए; फोटो वायरल, जांच शुरू – Indore News




इंदौर के संयोगितागंज क्षेत्र के बदमाशों ने परदेशीपुरा थाने के हेड कॉन्स्टेबल के जन्मदिन पर फोटोशूट कराया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने उन्हें गुलदस्ता भी दिया। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाशों के पिता पर भी गंभीर अपराध दर्ज हैं। वह संयोगितागंज थाने का एचएस (हिस्ट्रीशीटर) है। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह बदमाशों पर नकेल कसने की कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन कुछ पुलिसकर्मी उनसे दोस्ती निभाते नजर आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला परदेशीपुरा थाने के हेड कॉन्स्टेबल से जुड़ा सामने आया है। हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार का बुधवार को जन्मदिन था। इस मौके पर संयोगितागंज क्षेत्र के बदमाश अक्रात बोयत, उसका भाई आयुष बोयत और चाचा विकास बोयत कार्यक्रम में पहुंचे थे। इन तीनों के खिलाफ संयोगितागंज थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं। अक्रात और आयुष जुड़वां भाई हैं। उनके पिता दीनू पर भी संयोगितागंज सहित अन्य थानों में गंभीर अपराध दर्ज हैं। वह थाने का हिस्ट्रीशीटर है और कांग्रेस से राजनीति भी करते हैं। वहीं, विकास बोयत पर भी नशाखोरी सहित अन्य मामले दर्ज हैं। अक्रात कुछ दिन पहले एक गंभीर मामले में जेल भी जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने एक वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था। हेड कॉन्स्टेबल के जन्मदिन का वीडियो वायरल होने के बाद अक्रात ने उसे अपनी आईडी से हटा लिया। इस मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। वे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं और जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। मारपीट में बुजुर्ग महिला की हो गई थी मौत दीनू और उनके परिवार का पिछले दिनों संयोगितागंज इलाके में विवाद हुआ था। इसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर हथियार और डंडे चले थे। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को आरोपी बनाया था। इस हमले में घायल हुई एक बुजुर्ग महिला की बाद में मौत हो गई थी, जिसके बाद मामला हत्याकांड में बदल गया। इस प्रकरण में दोनों पक्षों के लोगों को जेल भी जाना पड़ा था। बाद में थाने से बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की गई थी। परदेशीपुरा के एसआई को मिला था कारण बताओ नोटिस परदेशीपुरा थाने के एक एसआई की पिस्टल के साथ शिवांकी नाम की युवती का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था। बाद में युवती ने यह वीडियो अपनी आईडी से हटा लिया था। जब यह मामला डीसीपी जोन-2 कुमार प्रतीक के संज्ञान में आया, तो उन्होंने संबंधित एसआई को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया था। ये खबर भी पढ़ें… मुरैना में चोर के कंधे पर बैठकर नाचे टीआई मुरैना में जौरा थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला का अपराधियों के साथ जन्मदिन मनाने और नाचने-गाने का वीडियो सामने आया है। बर्थडे सेलिब्रेशन 28 फरवरी की रात करीब 9 बजे थाना परिसर में ही शुरू हुआ। इसमें थाना प्रभारी को मालाएं पहनाई गईं, केक काटा गया। बधाई देने वालों की लाइन लगी रही।



Source link