MP Board Exam: आखिरी पेपर देने के बाद स्टूडेंट्स ने जमकर खेली होली, केंद्र पर उड़े गुलाल

MP Board Exam: आखिरी पेपर देने के बाद स्टूडेंट्स ने जमकर खेली होली, केंद्र पर उड़े गुलाल


Last Updated:

MP Board Exam: शनिवार को 12वीं का आखिरी पेपर संपन्न हो गया. पेपर खत्म होने की खुशी एक तरफ थी और दोस्तों से बिछड़ने का दुख दूसरी तरफ, लेकिन इनमें जो दोस्तों की टोलियां होती हैं, उन्होंने अपनी इस विदाई को यादगार बनाने के लिए जमकर होली खेली.

Sagar News: सागर में एमपी बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं अब समाप्त हो चुकी हैं. शनिवार को 12वीं कक्षा का आखिरी पेपर हिंदी विषय का था. परीक्षा खत्म होने के बाद छात्रों के चेहरों पर एक तरफ खुशी थी तो दूसरी तरफ स्कूल के दोस्तों से बिछड़ने का भावुक पल भी नजर आया. कई सालों तक साथ पढ़ने वाले दोस्त अब अलग-अलग कॉलेज और करियर की राह पर निकलने वाले हैं, इसलिए छात्रों ने इस पल को यादगार बनाने के लिए जमकर होली खेली.

शहर के लगभग सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों का अलग ही नजारा देखने को मिला. छात्र-छात्राएं पहले से ही अपने साथ रंग और गुलाल लेकर पहुंचे थे. जैसे ही परीक्षा समाप्त हुई, सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाया, गले मिले और इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए खूब सेल्फियां भी लीं. रंगों में सराबोर छात्र-छात्राओं की टोलियां हंसी-मजाक और मस्ती करते हुए नजर आईं. कई जगहों पर तो ऐसा लग रहा था जैसे परीक्षा केंद्र के बाहर ही होली का उत्सव मनाया जा रहा हो.

काफी अच्छा गया पेपर…
वहीं, अगर 12वीं कक्षा के हिंदी पेपर की बात करें तो अधिकांश छात्रों ने बताया कि परीक्षा काफी अच्छी गई है. जिन छात्रों ने पूरे साल पढ़ाई की थी और स्कूल में दिए गए सैंपल पेपर तथा पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र हल किए थे, उन्हें पेपर काफी आसान लगा. छात्रों का कहना है कि इस बार के पेपर में पिछले पांच वर्षों के प्रश्न पत्रों में से लगभग 60 से 70 प्रतिशत प्रश्न दोहराए गए थे. इसमें ऑब्जेक्टिव से लेकर बड़े प्रश्न तक शामिल थे.

प्रीवियस क्वेश्वन पेपर से आए थे प्रश्न
छात्रों के मुताबिक अच्छी तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के 65 से 70 नंबर तक आने की संभावना है. वहीं जिन छात्रों ने तैयारी ठीक से नहीं की थी, उनके लिए पेपर थोड़ा कठिन साबित हुआ और कुछ को पास होने की चिंता भी सता रही है. 12वीं की छात्रा नंदनी यादव ने बताया कि उनका एग्जाम बहुत अच्छा गया है. उन्होंने कहा कि पेपर में अधिकतर प्रश्न प्रीवियस क्वेश्चन पेपर से ही आए थे. आगे की पढ़ाई के बारे में बात करते हुए नंदनी ने बताया कि उन्हें फैशन डिजाइनिंग में रुचि है और वे इसी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं.

अब सीयूईटी की तैयारी करनी है…
छात्रा करिश्मा सैनी ने बताया कि स्कूल में जो पढ़ाया गया था और जिस तरह से उन्होंने तैयारी की थी, लगभग वही सब पेपर में आ गया. उन्होंने करीब 70 नंबर का पेपर हल किया है और अब वे सीयूईटी (CUET) की तैयारी कर रही हैं. रिजल्ट आने के बाद आगे की पढ़ाई का फैसला लिया जाएगा. वहीं, छात्रा राखी ने बताया कि वह भी सीयूईटी की तैयारी कर रही हैं. कॉलेज में एडमिशन लेने के साथ-साथ वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहती हैं और भविष्य में सिविल सर्विसेज में जाना उनका सपना है.

इसलिए खेली खूब होली…
छात्र सोहन रैकवार ने भावुक होते हुए कहा, स्कूल के दिन अब खत्म हो गए हैं. इतने सालों तक जो दोस्त साथ में पढ़ते थे, आज से सभी अलग-अलग रास्तों पर चले जाएंगे. शायद आगे सभी से मिलना भी मुश्किल हो जाए, इसलिए आज दोस्तों के साथ आखिरी बार जमकर होली खेलकर इस पल को यादगार बना लिया. अब परीक्षा खत्म होने के बाद अपने रिजल्ट का इंतजार है और साथ ही अपने भविष्य की नई राह चुनने की तैयारी भी शुरू हो गई है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link