इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी कंपनी से लाखों रुपए की ज्वेलरी लेने और वापस न करने का मामला सामने आया है। कंपनी डायरेक्टर की शिकायत पर पुलिस ने महिला कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में महिला के कुछ सहयोगियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनसे जल्द पूछताछ की जाएगी। पुलिस के मुताबिक फरियादी रजत माहेश्वरी निवासी डी स्कीम नंबर 74 की शिकायत पर मेघा पति आशीष राठौर निवासी भक्त प्रहलाद नगर एमओजी लाइन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। रजत एमजी रोड स्थित सिटी सेंटर में रजत जेम्स एंड ज्वेलरीज प्राइवेट लिमिटेड नाम से ज्वेलरी कंपनी संचालित करते हैं, जो कई वर्षों से आभूषणों के व्यापार से जुड़ी हुई है। 2019 से कंपनी में कार्यरत थी मेघा रजत के अनुसार मेघा राठौर वर्ष 2019 से कंपनी में कार्यरत थी। वह सेल्समैन के साथ मिलकर इनवॉइस तैयार करती थी और ग्राहकों को घर जाकर ज्वेलरी दिखाने का काम करती थी। कंपनी के कई ग्राहक मेघा को सीधेतौर पर पहचानते थे। कंपनी की ओर से स्वर्ण आभूषण योजना भी चलाई जाती है, जिसमें ग्राहक किश्तों में रकम जमा कर ज्वेलरी लेते हैं। इसी योजना के तहत गोल्ड अप्रूवल वाउचर के जरिए मेघा ने कंपनी से ज्वेलरी प्राप्त की थी। ज्वेलरी और राशि जमा नहीं कराई आरोप है कि मेघा राठौर ने 357.66 ग्राम सोने की ज्वेलरी कंपनी से ली, लेकिन न तो यह ज्वेलरी ग्राहकों को दी गई और न ही कंपनी में वापस जमा कराई गई। इस ज्वेलरी की कीमत करीब 60 लाख 97 हजार रुपए है। मेघा ने संबंधित राशि भी कंपनी में जमा नहीं की गई। मेघा ने कॉल रिसीव नहीं किया रजत के मुताबिक 12 फरवरी के बाद से मेघा कंपनी के ऑफिस भी नहीं आई। संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसने कॉल रिसीव नहीं किया और बाद में पूरी तरह संपर्क बंद कर दिया। इसके बाद रजत ने अपने वकील से सलाह लेकर शनिवार को तुकोगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि मेघा राठौर को पूछताछ के लिए थाने बुलाया जाएगा और ज्वेलरी के संबंध में जानकारी ली जाएगी। मामले की जांच जारी है।
Source link