एंजियोग्राफी के दौरान बुजुर्ग की मौत, अस्पताल में हंगामा: सतना के निजी हॉस्पिटल में परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप; आज होगा पीएम – Satna News

एंजियोग्राफी के दौरान बुजुर्ग की मौत, अस्पताल में हंगामा:  सतना के निजी हॉस्पिटल में परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप; आज होगा पीएम – Satna News




सतना के दिवित निजी अस्पताल में शनिवार शाम 74 वर्षीय बुजुर्ग विश्वनाथ सिंह की एंजियोग्राफी के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए राजी किया। धवारी गली नंबर-2 निवासी विश्वनाथ सिंह को तबीयत बिगड़ने पर दो दिन पहले दिवित हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शनिवार शाम करीब 4 बजे उन्हें एंजियोग्राफी जांच के लिए ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि जांच के दौरान बुजुर्ग के दाएं हाथ की नस से ब्लीडिंग शुरू हो गई। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया कि मरीज को शुगर अधिक होने के कारण खून बंद नहीं हो पा रहा है। इसी बीच मरीज की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस की समझाइश पर माने, आज पीएम
डायल-112 और कोलगवां पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाया। पुलिस की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हो गए। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। दिवित हॉस्पिटल के डॉ. ललन प्रताप सिंह ने घटना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मरीज विश्वनाथ सिंह को 5 मार्च को मेजर हार्ट अटैक आया था। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी थी, लेकिन वे घर चले गए थे। डॉ. सिंह के अनुसार, हालत बिगड़ने पर उन्हें दिवित हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान पता चला कि उनके हार्ट की दीवार फट गई थी और अंदरूनी ब्लीडिंग हो रही थी। इसी रक्तस्राव को बाहर निकालने के लिए नीडल का उपयोग किया गया था, जिसकी जानकारी मरीज के परिजनों को दी गई थी। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।



Source link