केंद्रीय जेल में महिला बंदियों के लिए प्रशिक्षण शुरू: आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मिलेगा 3 माह का कौशल उन्नयन – Gwalior News

केंद्रीय जेल में महिला बंदियों के लिए प्रशिक्षण शुरू:  आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मिलेगा 3 माह का कौशल उन्नयन – Gwalior News




ग्वालियर की केंद्रीय जेल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बंदी महिलाओं के लिए कौशल उन्नयन प्रशिक्षण रविवार से शुरू हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह तीन माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 जून तक चलेगा। मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना के तहत शुरू किए गए इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बंदी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसमें उन्हें बेसिक सिलाई और रेडीमेड गारमेंट बनाने की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। इस प्रशिक्षण में कुल 29 महिला बंदियों को शामिल किया है। महिला एवं बाल विकास विभाग सेडमैप संस्था के सहयोग से यह कार्यक्रम चला रहा है। सेडमैप द्वारा सिलाई सिखाने वाले मास्टर ट्रेनर और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण का पूरा खर्च विभाग वहन करेगा। प्रशिक्षण के प्रारंभिक सत्र में केंद्रीय जेल के प्रशासकीय अधीक्षक अनिरुद्ध नरवरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती उपासना राय, जेलर राम गोपाल पाल, सहायक संचालक महिला बाल विकास राहुल पाठक और सेडमैप से शिवराम दोहरी सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहा। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास उपासना राय ने कहा कि यह प्रशिक्षण महिलाओं के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जेल से रिहाई के बाद महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकेंगी। केंद्रीय जेल के प्रशासकीय अधीक्षक अनिरुद्ध नरवरिया ने महिला बंदियों से इसका लाभ उठाने का आग्रह किया। सहायक संचालक राहुल पाठक ने मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस योजना के तहत कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करने वाली महिलाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। प्रशिक्षण सत्र के दौरान जेल की महिला बंदियों ने नृत्य, गीत और कविताओं के माध्यम से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।



Source link