नीमच में गंदे पानी की शिकायतें: बीटीएल कंपनी और नपा अमले को कड़ी हिदायत, केमिकल डोज बढ़ाने के निर्देश – Neemuch News

नीमच में गंदे पानी की शिकायतें:  बीटीएल कंपनी और नपा अमले को कड़ी हिदायत, केमिकल डोज बढ़ाने के निर्देश – Neemuch News




नीमच शहर में गंदे पानी की आपूर्ति और बढ़ती शिकायतों के मद्देनजर नगर पालिका की जलकल सभापति छाया जायसवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। रविवार शाम को नगर पालिका कार्यालय में एक आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें जल वितरण का कार्य देख रही बीटीएल (BTL) कंपनी के प्रतिनिधियों और नगर पालिका की जलकल शाखा के अधिकारी-कर्मचारियों को तलब किया गया। बैठक में सभापति ने शहर में स्वच्छ जल वितरण सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर पानी की शुद्धता में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभापति जायसवाल ने केमिस्ट और तकनीकी स्टाफ को वाटर प्लांट से आपूर्ति शुरू करने से पहले एलम (फिटकरी) और ब्लीचिंग पाउडर का उचित मात्रा में उपयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने गंदे पानी की समस्या समाप्त करने के लिए केमिकल का डोज बढ़ाने और पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के आदेश दिए। किसी भी कमी की स्थिति में केमिस्ट को तुरंत उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट करने को कहा गया। सभापति ने जल प्रदाय के बिगड़ते समय चक्र पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समय पर पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसके लिए एक नई रूपरेखा तैयार की जा रही है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि गंदे पानी की शिकायत मिलने पर नगर पालिका की विशेष टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में केमिस्ट सुरेश पवार, बीटीएल कंपनी के आकाश गौड़ और जलकल विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।



Source link