फार्मर रजिस्ट्री कैंप में लापरवाही पर सख्ती: भिंड में 3 पटवारी निलंबित, 12 के 5 दिन का वेतन काटने के आदेश – Bhind News

फार्मर रजिस्ट्री कैंप में लापरवाही पर सख्ती:  भिंड में 3 पटवारी निलंबित, 12 के 5 दिन का वेतन काटने के आदेश – Bhind News




भिंड जिले में फार्मर रजिस्ट्री कैंपों में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को निरीक्षण के दौरान कई पटवारी ड्यूटी से नदारद और कार्य में ढिलाई करते पाए गए। इस पर एसडीएम विजय यादव ने तीन पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जबकि 12 पटवारियों के पांच-पांच दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश जारी किए। भिंड जिले में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए शासन के निर्देश पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में लहार एसडीएम विजय यादव ने राजस्व अधिकारियों के साथ विभिन्न गांवों में लगाए गए कैंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर पटवारियों की लापरवाही सामने आने पर एसडीएम ने सख्त कार्रवाई की। फार्मर रजिस्ट्री के बाद ही मिलेगा खाद
एसडीएम विजय यादव ने बताया कि शासन द्वारा प्रत्येक किसान के सभी सर्वे नंबरों को जोड़कर फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा रही है। इससे भविष्य में किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि आगामी सीजन में खाद का वितरण भी इसी फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर किया जाएगा। एसडीएम ने किसानों से अपील की है कि वे आगामी रविवार तक आयोजित होने वाले शिविरों में पहुंचकर अपने पटवारी से संपर्क करें और अपने सभी खातों को जोड़कर फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराएं। पूरे एक सप्ताह तक कैंप लगाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित किया जा सके। लापरवाही पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कई पटवारी कैंपों से अनुपस्थित पाए गए। इस पर एसडीएम ने पटवारी रविंद्र सिंह कुशवाहा, अर्चना आजाद, मनीष मिश्रा, भगवानदास परिहार, सुनील झा, सुभान खान, हेमंत शर्मा, देवेंद्र नरवरिया, मनोज पाराशर, अजीत सिंह राजपूत, मनोज जाटव एवं दीपक सालोदिया के पांच-पांच दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश तहसीलदार को दिए। वहीं गंभीर लापरवाही पाए जाने पर पटवारी विजय प्रताप तोमर, कमलेश गौले और रश्मि कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम विजय यादव के साथ तहसीलदार श्रीनिवास शर्मा (रोन), तहसीलदार अमित दुबे (मिहोना), तहसीलदार दीपक शुक्ला (लहार) तथा नायब तहसीलदार अरविंद शर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री शिविरों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से भी चर्चा की। ग्राम अचलपुरा में निरीक्षण के दौरान कोटवार भी बिना सूचना के अनुपस्थित पाया गया। इस पर एसडीएम ने कोटवार का पांच दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए। एसडीएम विजय यादव ने कहा कि किसान हितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link