रंग पंचमी पर निकाली केशव फाग यात्रा: बड़वानी में ढोल-ताशों की धुन पर नाचे लोग, सांसद पटेल ने भी लगाया रंग – Barwani News

रंग पंचमी पर निकाली केशव फाग यात्रा:  बड़वानी में ढोल-ताशों की धुन पर नाचे लोग, सांसद पटेल ने भी लगाया रंग – Barwani News




बड़वानी में रंग पंचमी पर हिंदू उत्सव समिति द्वारा भव्य केशव फाग यात्रा और विशाल गेर निकाली गई। रविवार दोपहर जगत तृप्ति केंद्र, झंडा चौक से यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें सांसद गजेंद्र सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा और नगरवासी शामिल हुए। यात्रा शुरू होते ही ढोल-ताशों की गूंज और रंग-गुलाल के बीच पूरा नगर उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और धार्मिक नारों के साथ श्रद्धालु झूमते-नाचते आगे बढ़ते रहे। यह फाग यात्रा झंडा चौक से प्रारंभ होकर रणजीत चौक, महात्मा गांधी मार्ग, मोटी माता, विजय स्तंभ होते हुए कारंजा चौराहा तक पहुंची। पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं पर रंग-गुलाल उड़ाकर खुशियां मनाईं। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों और नागरिकों द्वारा पानी, शरबत सहित अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं। इस आयोजन को सफल बनाने में हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गुप्ता, उपाध्यक्ष नारायण लछेटा और कोषाध्यक्ष संजय चौहान (बंटी) सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। समिति ने आयोजन की तैयारियां पहले से ही शुरू कर दी थीं, जिसके लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया था। फाग यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। नगर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक सक्रिय रहे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि केशव फाग यात्रा नगर की परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। तस्वीरों में देखें फाग यात्रा



Source link