शिवपुरी जिले में चोरी और चोरी के प्रयास की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में चोरों ने मंदिर को निशाना बनाकर भगवान शिव की पिंडी पर चढ़ी चांदी चुरा ली, जबकि दूसरे मामले में शहर में खड़ी बाइक चुराने की कोशिश की गई, लेकिन चोर सफल नहीं हो सके। पहली घटना पिछोर थाना क्षेत्र के करारखेड़ा गांव के पास स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार रात को हुई। मंदिर के पुजारी सुखदेव महाराज ने बताया कि रात को ताला लगाकर वह मंदिर परिसर के कमरे में सो गए थे। सुबह करीब 4 बजे उठने पर उनके कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। मंदिर से चार किलो चांदी चुराई
पुजारी ने दूसरे दरवाजे से बाहर निकलकर देखा तो मंदिर के एक दरवाजे की लोहे की जंजीर टूटी हुई थी। अंदर भगवान शंकर की पिंडी पर चढ़ी चांदी की मोटी परत उखड़ी हुई मिली। पुजारी के अनुसार, पिंडी पर लगभग 6 किलो 200 ग्राम चांदी की परत चढ़ी थी, जिसमें से अज्ञात चोर 4 किलो से अधिक चांदी चुरा ले गए। पुलिस ने सूचना पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पार्षद के घर के बाहर बाइक चोरी का प्रयास
दूसरी घटना शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र की राधा रमण नगर कॉलोनी में सामने आई है। यहां वार्ड क्रमांक 35 के पार्षद मट्टू खटीक के घर के बाहर खड़ी एक बाइक चोरी करने का प्रयास किया गया। पार्षद के मुताबिक, शनिवार दोपहर दो अज्ञात युवक एक बाइक पर आए और घर के बाहर खड़ी बाइक का हैंडल तोड़कर उसे स्टार्ट करने की कोशिश की। हालांकि, वे सफल नहीं हो सके और बाइक वहीं छोड़कर भाग गए। बताया गया है कि बसों के ड्राइवर सुबह अपनी बाइक यहां खड़ी करते हैं और शाम को वापस ले जाते हैं, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। इस मामले की लिखित शिकायत फिजिकल थाने में दर्ज करा दी गई है।
Source link