Last Updated:
Sanju Samson 1000 t20i runs: संजू सैमसन दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी के बाद 1000 टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाले दूसरे भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में संजू ने मैट हेनरी की गेंद पर छक्का जड़कर यह मुकाम हासिल किया.
संजू सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1000 रन पूरे कर लिए.
नई दिल्ली. संजू सैमसन ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज फाइनल में अपनी बल्लेबाजी से नया इतिहास रच दिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में बतौर ओपनर उतरे संजू ने न केवल भारत को तूफानी शुरुआत दिलाई, बल्कि एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली जिसे आज तक सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी ही छू सके थे.
31 वर्षीय केरल के संजू सैमसन (Sanju Samson) ने जैसे ही मैट हेनरी के पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ा, उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर स्पेशलिस्ट विकेटकीपर-बल्लेबाज अपने 1000 रन पूरे कर लिए. एमएस धोनी (1617 रन) के बाद भारत के लिए इस उपलब्धि को हासिल करने वाले संजू महज दूसरे विकेटकीपर बन गए हैं. संजू ने यह कारनामा अपने 45वें मैच (बतौर कीपर) में किया, जबकि उनके नाम अब कुल 62 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1316 रन दर्ज हो चुके हैं. इस रेस में उन्होंने ऋषभ पंत (996) और ईशान किशन (545) जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है.
फाइनल के दबाव को धुआं-धुआं करते हुए संजू ने अपनी पारी का आगाज ही छक्के से किया. यह इस टूर्नामेंट (टी20 वर्ल्ड कप 2026) में उनका 17वां छक्का था. संजू ने इस दौरान न्यूजीलैंड फिन एलन के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया. फिन एलन ने इसी वर्ल्ड कप के 8 मैचों में 20 छक्के जड़े थे जबकि संजू के 21 छक्के हो गए हैं. वह एक वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के (21) लगाने वाले दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए.
विश्व पटल पर संजू की धमक भले ही विश्व रिकॉर्ड इंग्लैंड के जोस बटलर (3592 रन), क्विंटन डी कॉक और मोहम्मद रिजवान (3000+ रन) के नाम हो, लेकिन जिस तेजी से संजू रन बना रहे हैं, उन्होंने दुनिया को अपनी ताकत का अहसास करा दिया है. फाइनल में उनकी आक्रामकता ने यह साफ कर दिया है कि वह न केवल धोनी की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं, बल्कि अपनी खुद की एक ऐसी पहचान बना रहे हैं जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बनेगी.
अहमदाबाद के मैदान पर मौजूद लाखों दर्शकों ने संजू के इस ‘हजारी’ कीर्तिमान का खड़े होकर स्वागत किया. हालांकि संजू 89 रन की पारी खेलकर वह पवेलियन लौट गए. इंग्लैंड के खिलाफ भी संजू ने 89 रन की पारी खेली थी.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें